एअर इंडिया के अफसर पेशाब कांड से नहीं थे अंजान ,CEO समेत सीनियर अफसरों को घटना के अगले दिन ईमेल से मिल गई थी जानकारी

दिल्ली । एअर इंडिया की फ्लाइट में यात्री पर पेशाब किए जाने के मामले में एयरलाइन के अफसरों का झूठ सामने आया है। क्रू ने उसी दिन ईमेल करके घटना की जानकारी CEO समेत सभी अफसरों को दी थी। जबकि, वे दावा करते आए हैं कि घटना के बारे में क्रू ने उन्हें बताया नहीं था।

पिछले साल 26 नवंबर को न्यूयॉर्क से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में एक बुजुर्ग महिला पर शंकर मिश्रा नाम के यात्री ने नशे में पेशाब कर दी थी। एअर इंडिया क्रू ने बिना कार्रवाई के आरोपी को जाने दिया था।

घटना सामने कैसे आई

घटना तब सामने आई जब पीड़ित महिला ने टाटा समूह के चेयरपर्सन एन. चंद्रशेखरन को चिट्‌ठी लिखी। महिला ने चिट्‌ठी में लिखा कि वे गंदी सीट पर नहीं बैठना चाहती थीं। इसलिए उन्हें दूसरी सीट दी गई। एक घंटे के बाद उन्हें अपनी सीट पर वापस जाने को कहा गया। उनकी सीट चादरों से ढंकी हुई थी, लेकिन वहां पेशाब की बदबू आ रही थी।
महिला का आरोप है कि बिजनेस क्लास की कई सीटें खाली होने के बावजूद उन्हें दूसरी केबिन सीट नहीं दी गई थी। क्रू ने वहां कीटाणुनाशक छिड़का, लेकिन महिला ने वही सीट लेने का विरोध किया, तब जाकर उसे दूसरी सीट दी गई।