कोरबा।विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही राजनीतिक पार्टियां सक्रिय हो चुकी हैं। शहर से लेकर गांव तक कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस भी चुनावी मोड में आ चुकी है। कांग्रेस की जीत के क्रम को जारी रखने जयसिंह ने जहां अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं, तो भाजपा भी सत्ता में वापसी की कवायद में है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश चुनाव समिति का गठन कर दिया है, जिसमें प्रदेश के दिग्गज कांग्रेसी नेताओं को जगह दी गई है। चुनावी रणनीति बनाने में माहिर प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को भी समिति में जगह दी गई है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव केसी वेणु गोपाल ने आगामी विधानसभा चुनाव 2023 के लिए प्रदेश चुनाव समिति के गठन को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। घोषणा की गई छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव समिति में दीपक बैज को चेयरमैन बनाया गया है। चुनाव समिति में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत 9 मंत्रियों को शामिल किया गया है। इस समिति में कुल 22 नेताओं को जगह मिली है, जिसमें राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी शामिल किए गए हैं।राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को चुनावी रणनीति बनाने में माहिर माना जाता है। उनकी रणनीति के आगे विपक्षियों के हर दांव फेल हो जाते हैं। यही वजह है कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र में लगातार तीन बार विधायक बनते हुए उन्होंने कोरबा सीट को कांग्रेस का गढ़ बना लिया है। भाजपा ने अभी तक कोरबा से खाता भी नहीं खोला है। पार्टी हाईकमान भी राजस्व मंत्री के इस हुनर से बखूबी वाकिफ है। जिसे देखते हुए विभिन्न राज्यों में होने वाले चुनावों में जयसिंह अग्रवाल को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाती रही है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर भी पार्टी आलाकमान में उन्हें एक बार फिर प्रदेश चुनाव समिति में सदस्य नियुक्त किया है।