दिल्ली के राउ IAS कोचिंग सेंटर बेसमेंट हादसा : 1 इंजीनियर टर्मिनेट , 1 सस्पेंड ,7 गिरफ्तार ….

दिल्ली । दिल्ली के राउ IAS कोचिंग सेंटर के बेसमेंट हादसे मामले में म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन ऑफ दिल्ली (MCD) ने सोमवार को एक्शन लिया। एक जूनियर इंजीनियर को बर्खास्त और एक असिस्टेंट इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया।

ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित इस कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में शनिवार को बारिश के पानी में डूबकर 3 छात्रों की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले को लेकर आज सोमवार को 5 और लोगों को गिरफ्तार किया है। इस तरह अब तक कुल 7 लोग अरेस्ट हो चुके हैं।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें लिखा गया कि हादसे से एक महीने पहले यानी 26 जून को ही इस बारे में MCD से शिकायत की गई थी, जिस पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इसे लेकर 2 रिमाइंडर भी दिए गए। इसके बावजूद MCD ने कार्रवाई नहीं की।

AAP मुख्यालय पर भाजपा का और आप का LG सचिवालय पर प्रदर्शन

AAP मुख्यालय के पास भाजपा ने प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि MCD में AAP का बहुमत है। मेयर भी AAP का ही है। यह घटना MCD की लापरवाही के कारण हुई। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने वॉटर कैनन चलाई। इधर, AAP कार्यकर्ताओं ने LG सचिवालय के बाहर भाजपा और MCD कमिश्नर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा- MCD कमिश्नर की नियुक्ति गृह मंत्रालय करता है। कमिश्नर की लापरवाही के कारण जलभराव हुआ और स्टूडेंट्स की मौत हुई।
कोचिंग सेंटर के पास स्टूडेंट भी प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के LG वीके सक्सेना आज उनसे मिलने पहुंचे। आज दिल्ली के 13 कोचिंग सेंटर भी सील किए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनमें दृष्टि IAS कोचिंग संस्थान का एक सेंटर भी शामिल है। यह सेंटर नेहरू विहार के वर्धमान मॉल के बेसमेंट में चल रहा था।