नेपाल। मध्य नेपाल में एक भारतीय पर्यटक बस के साथ हुई दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 27 हो गई है। 16 लोग घायल हैं। घायलों में 10 महिलाएं और 6 पुरुष हैं।
दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी 27 लोग भारतीय तीर्थयात्री थे। शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को नेपाल में बागमती प्रांत के चितवन जिले में भरतपुर अस्पताल में किया जा रहा है। इसके बाद शव महाराष्ट्र ले जाए जाएंगे।
शुक्रवार, 23 अगस्त को नेपाल के तनहुन जिले में ऐनापहारा में बस राजमार्ग से पलटकर 150 मीटर नीचे तेज बहाव वाली मर्स्यांगदी नदी में गिर गई। बस में ज्यादातर भारतीय पर्यटक थे। यह बस गोरखपुर से थी और इसमें चालक और दो सहायकों समेत 43 यात्री सवार थे। बस पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी।
घायलों और शवों को बाहर निकालने में लगे 7 घंटे
‘द काठमांडू पोस्ट’ अखबार के मुताबिक, नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल आर्मी के कर्मियों को दुर्घटनास्थल से घायलों और शवों को बाहर निकालने में करीब 7 घंटे लगे। महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने शुक्रवार रात को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि राज्य सरकार राहत प्रयासों को लेकर नेपाल प्रशासन और दिल्ली के दूतावास के साथ लगातार संपर्क में है।यात्रियों में से अधिकांश महाराष्ट्र के जलगांव जिले के वरणगांव, दरियापुर, तलवेल और भुसावल के रहने वाले थे।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, भारतीय वायु सेना का एक विमान मारे गए तीर्थयात्रियों के शव शनिवार को नासिक लेकर आएगा। फिर शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की है और उन्होंने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
10-दिवसीय यात्रा पर थे तीर्थयात्री
पीटीआई के मुताबिक, सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के उप प्रवक्ता शैलेंद्र थापा का कहना है कि 16 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायल हुए लोगों को विमान से काठमांडू ले जाया गया। समाचार पोर्टल ‘माई रिपब्लिका’ की खबर के मुताबिक, बस में सवार यात्री 104 भारतीय तीर्थयात्रियों के एक समूह का हिस्सा थे, जो दो दिन पहले नेपाल की 10-दिवसीय यात्रा के लिए तीन बसों में सवार होकर महाराष्ट्र से नेपाल पहुंचे थे। तीनों बस में यात्रा करने वाले ज्यादातर यात्री परिवार के सदस्य और रिश्तेदार थे। दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार 43 यात्रियों के नामों की सूची जारी कर दी गयी है।
महाराष्ट्र के राहत एवं पुनर्वास मंत्री अनिल पाटिल ने कहा कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त और काठमांडू में भारतीय दूतावास के संपर्क में है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मौतों पर शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। एक्स पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल में महाराष्ट्र के जलगांव सहित भारत से तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर बेहद दुखद है।