बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तलाक के बाद पति को छोड़कर लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही महिला पर प्रेमी युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। वारदात के बाद आरोपी युवक उसे छोड़कर भाग गया।
महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में बीते 24 घंटे में चाकूबाजी की 3 वारदात हो गई, जिसमें 6 लोग घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तलाक के बाद लिव-इन में रह रही थी महिला
सरकंडा के बंगालीपारा में रहने वाली नीलू कश्यप (30) टिफिन सेंटर चलाकर गुजर-बसर करती हैं। वह एक बच्चे के साथ किराए के मकान में रहती हैं। महिला का उसके पति से तलाक हो गया है। जिसके बाद वह सनत कश्यप नाम के युवक के साथ लिव-इन में रहती थी।
मोबाइल पर बात कर रही थी, तभी किया चाकू से 6 वार
बताया जा रहा है कि महिला शुक्रवार की रात किसी काम से सीपत चौक की ओर गई थी। वहां से लौटते समय वह परिचित से मोबाइल पर बात कर रही थी। तभी सनत कश्यप आया। उसने महिला पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला पर हमलावर ने 6 वार किए। आसपास के लोग जब वहां पहुंचे तो युवक भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस हमलावर युवक की तलाश कर रही है।
8 दिन पहले की थी युवक के खिलाफ शिकायत
महिला की बहन ने पुलिस को बताया कि सनत आए दिन उसकी बहन को परेशान कर रहा था। इसकी शिकायत नीलू ने नारी शक्ति की टीम के साथ सरकंडा थाने में की थी। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सरकंडा पुलिस की टीम सनत की तलाश में लग गई।
इस दौरान वह अपने घर पर नहीं मिला। उसके परिजन को पुलिस ने समझाइश देकर युवक के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी थी। इसके बाद से युवक कुछ दिनों तक शांत रहा। अचानक ही उसने नीलू पर हमला कर दिया।