KORBA :पुष्प पल्लव कॉलोनी में कामकाजी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में खिंड़की से लटकता मिला शव ,परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका …..

कोरबा। दर्री स्थित पुष्प पल्लव कॉलोनी में एक कामकाजी महिला मंजू राव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर की खिड़की से लटका मिला। घटना की सूचना पर इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।

मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, मंजू राव का शव चुनरी के सहारे खिड़की से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी उनके पति सुनील राव ने दी। उन्होंने बताया कि रात को सभी ने साथ में खाना खाया और उसके बाद मंजू बच्चों के साथ अपने कमरे में चली गईं। वे खुद टीवी देख रहे थे। कुछ देर बाद जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा, तो मंजू फंदे से लटकी हुई मिली। तत्काल परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी गई। मौके पर बुलाए गए डॉक्टर ने मंजू को मृत घोषित कर दिया। सुनील राव ने बताया कि उनके और मंजू के बीच किसी भी तरह का विवाद नहीं था। मायके पक्ष ने भी बताया कि शादी के बाद से दंपती के बीच कोई मतभेद नहीं रहा। मंजू दुकान में काम करती थीं और रोजाना की तरह उस दिन भी काम से लौटने के बाद परिवार के साथ खाना खाया था।
घटना की जानकारी रात में ही खरसिया स्थित मंजू के मायके वालों को मिल गई, जिसके बाद वे कोरबा पहुंचे। मंजू की मां बिसुन भट्ट ने बताया कि बेटी की शादी वर्ष 2007 में हुई थी और अब तक किसी प्रकार की परेशानी सामने नहीं आई थी। उन्होंने कहा कि मंजू ने कभी किसी परेशानी या विवाद की बात नहीं की थी। रक्षाबंधन के मौके पर भी वह बच्चों के साथ मायके आई थीं और सबकुछ सामान्य था। परिजनों ने इस घटना के पीछे की वजह को लेकर कई सवाल उठाए हैं। मृतका के दो बच्चे हैं — एक बेटी जो आठवीं कक्षा में पढ़ती है और एक छोटा बेटा। दर्री थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और घटना पापकी हर पहलू से जांच की जा रही है।