CG : पत्रकारों ने आवासीय भूखंड एवं पत्रकार कक्ष निर्माण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से की मुलाकात

बैकुंठपुर। कोरिया जिला में जनपक्षधर एवं सकारात्मक पत्रकारिता की परंपरा को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भेंट कर पत्रकारों की विभिन्न मांगों संबंधी ज्ञापन सौंपा।

आज रेस्ट हाउस बैकुंठपुर में आयोजित मुलाकात के दौरान क्लब के संरक्षक उत्तम कश्यप, अध्यक्ष प्रवीन्द सिंह, सचिव योगेश चंद्रा, उपाध्यक्ष राजेश राज गुप्ता, कार्यालय प्रभारी जूही खातून उपस्थित रहे।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जिले के अधिकांश पत्रकारों के पास स्वयं का आवास नहीं है, जिससे उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पत्रकारों ने जिला मुख्यालय में लगभग 5 एकड़ भूमि आवासीय भूखंड के रूप में उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि उन्हें स्थायित्व एवं सुरक्षा मिल सके।
साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि कोरिया जिले एवं दूरस्थ अंचलों से पत्रकारगण जनहितकारी कार्यों एवं समाचार संकलन के सिलसिले में नियमित रूप से कलेक्ट्रेट परिसर आते हैं, किंतु उनके बैठने हेतु किसी समुचित कक्ष की व्यवस्था नहीं है। धूप, वर्षा एवं कड़ाके की ठंड के समय उन्हें अत्यंत असुविधा का सामना करना पड़ता है।
पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला जनसंपर्क कार्यालय के बाजू में उपलब्ध रिक्त भूखण्ड पर पत्रकारों के लिए एक सुसज्जित कक्ष निर्माण हेतु संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं। इससे पत्रकारों को आधारभूत सुविधा उपलब्ध होगी तथा शासन-प्रशासन से जुड़े जनहित के विषयों का निर्विघ्न कवरेज संभव हो सकेगा।
पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि शासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर पत्रकारिता के सशक्तिकरण की दिशा में पहल करेगा।