कोरबा। केंदईखार में करीब
100 एकड़ शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर काबिज 135 अवैध आशियानों एवं फार्म हाउस पर सोमवार को बड़ी सँयुक्त प्रशासनिक कार्रवाई हुई।
होली के ठीक पहले सोमवार को कटघोरा एसडीएम आईएसस तन्मय खन्ना के नेतृत्व में सँयुक्त टीम ने शासकीय भूमि पर बने अवैध फार्म हाउस एवं अवैध आशियानों को जेसीबी से नेस्तनाबूत कर करीब 100 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त करा लिया।


जानकारी के अनुसार करीब 100 एकड़ शासकीय भूमि बड़े झाड़ के जंगल मद में अवैध रूप से फार्म हाउस बनाकर व्यावसायिक गतिविधि संचालित की जा रही थी।
09 फरवरी 2026 को अतिक्रमणकारियों को बेदख़ली नोटिस जारी कर 15 फरवरी 2026 तक बेजा कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे। परंतु निर्धारित तिथि तक कब्जा खाली न किए जाने के कारण सोमवार को कटघोरा एसडीएम आईएएस तन्मय खन्ना के नेतृत्व में तहसीलदार दर्री, तहसीलदार दीपका, तहसीलदार कटघोरा, नायब तहसीलदार दर्री, पुलिस विभाग तथा नगर निगम के संयुक्त दल द्वारा संयुक्त कार्रवाई कर अवैध रूप से निर्मित फ़ार्म हाउसों एवं व्यावसायिक संरचनाओं जमींदोज कर दिया गया। इस कार्रवाई से करीब 100 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण या व्यावसायिक उपयोग सहन नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में भविष्य में भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
👉प्रभावितों ने होली पर्व से पहले की कार्रवाई को बताया अमानवीय ,प्रशासन का यह तर्क


कार्यवाही के दौरान 4 से 5 जेसीबी मशीनें लगाई गईं। कुछ लोगों ने पहले ही अपना सामान हटा लिया था, लेकिन कई लोग सामान नहीं निकाल सके। ऐसे निर्माणों पर सीधे बुलडोजर चला दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूर्व सूचना और राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर की गई है। वहीं प्रभावित परिवारों का आरोप है कि त्यौहार से ठीक पहले की गई यह कार्रवाई अमानवीय है।
फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मामले को लेकर सियासी हलचल भी तेज होने की संभावना है।
