KORBA : SECL दीपका परियोजना ने रचा कीर्तिमान , 35.07 मिलियन टन कोयला उत्पादन के साथ टूटा पुराना रिकॉर्ड …

कोरबा । एसईसीएल की दीपका कोयला परियोजना ने उत्पादन और गुणवत्ता दोनों क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 28 फरवरी 2026 तक परियोजना ने 35.07 मिलियन टन कोयला उत्पादन दर्ज किया, जो वर्ष 2018-19 के सर्वश्रेष्ठ वार्षिक उत्पादन के रिकॉर्ड से भी अधिक है। इस उपलब्धि के साथ दीपका परियोजना ने अपने पिछले सभी उत्पादन रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।

परियोजना ने ओवरबर्डन निष्पादन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 39.84 मिलियन क्यूबिक मीटर (MCuM) का ऐतिहासिक आंकड़ा हासिल किया है। यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है, जिससे खनन कार्यों की दक्षता और गति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इसके साथ ही कोयले की गुणवत्ता में भी बड़ा सुधार दर्ज किया गया है। दीपका परियोजना ने 80 प्रतिशत ग्रेड कन्फर्मेशन हासिल किया, जो अब तक का सर्वोच्च स्तर है। यह उपलब्धि खनन प्रक्रिया में बेहतर प्रबंधन, तकनीकी दक्षता और गुणवत्ता नियंत्रण के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम मानी जा रही है।

परियोजना की इस सफलता का श्रेय अधिकारियों, इंजीनियरों और कर्मचारियों की टीम भावना, समर्पण और निरंतर मेहनत को दिया जा रहा है। इस उपलब्धि से न केवल एसईसीएल की उत्पादन क्षमता मजबूत हुई है, बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूती मिली है। दीपका परियोजना के इस प्रदर्शन को कोयला उद्योग में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।