CG : शातिर दंपत्ति , NTPC में नौकरी लगाने के नाम पर की 10 लाख की ठगी , दंपत्ति गिरफ्तार …

दुर्ग । नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी करने वाले दंपत्ति को पदमनाभपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपियों ने पहले मंत्रालय में सहायक ग्रेड-3 और बाद में एनटीपीसी में असिस्टेंट इंजीनियर (AE) पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर प्रार्थी से किस्तों में बड़ी रकम वसूल की थी और फर्जी नियुक्ति पत्र ई-मेल के माध्यम से भेजकर धोखाधड़ी की।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रविकांत साहू, निवासी बोरीगारका थाना उतई जिला दुर्ग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रिया देशमुख और प्रशांत कुमार देशमुख, निवासी न्यू आदर्श नगर दुर्ग ने मंत्रालय में सहायक ग्रेड-3 पद पर नौकरी लगाने का भरोसा दिलाया। जब यह प्रयास सफल नहीं हुआ तो आरोपियों ने एनटीपीसी में असिस्टेंट इंजीनियर पद पर नियुक्ति कराने का दावा किया। आरोपियों ने विश्वास में लेकर प्रार्थी से अलग-अलग किस्तों में कुल 10 लाख रुपये ले लिए और बाद में ई-मेल के माध्यम से फर्जी नियुक्ति पत्र भेज दिया। जांच में नियुक्ति पत्र फर्जी पाया गया, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पदमनाभपुर में अपराध क्रमांक 143/2026 धारा 420, 467, 468 और 120(बी) भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रिया देशमुख (36 वर्ष) को 28 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया, जबकि सह-आरोपी प्रशांत कुमार देशमुख (49 वर्ष) को 1 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र की ई-मेल प्रिंट कॉपी, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज जब्त किए हैं, जो मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करने की नीयत से सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्रार्थी को भ्रमित किया।

इस कार्रवाई में थाना पदमनाभपुर पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय या निजी संस्था में नौकरी दिलाने के नाम पर धनराशि मांगने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।