KORBA : हिन्दू नव वर्ष पर 19 मार्च को उर्जानगरी में निकलेगी दिव्य शोभायात्रा, रौशनी से जगमगा उठीं मुख्य मार्ग की सड़कें ,

0 हिन्दू क्रांति सेना के आयोजन में विभिन्न प्रदेशों की झांकियों,नृत्य-कलाओं का होगा अद्भुत संगम

कोरबा। प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी हिन्दू क्रांति सेना के द्वारा हिन्दू नव वर्ष का प्रथम दिवस पर 19 मार्च को दिव्य और भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए तैयारी जोर-शोर से चल रही है। सीतामणी से लेकर पावर हाउस रोड, टीपी नगर चौक तक पूरा शहर इन दिनों जगमगा उठा है और लोग इसे अपने मोबाइल/ कैमरे में कैद कर रहे हैं। रंगीन सजावटों को देखकर ही लोग 19 मार्च को होने वाले शोभायात्रा आयोजन की भव्यता का आंकलन करने लगे हैं।

19 मार्च, गुरुवार को दोपहर 3 बजे श्री राम जानकी मंदिर सीतामणी से पूजा-अर्चना के पश्चात यह शोभायात्रा प्रारम्भ होगी व नगर से गुजरते हुए नया बस स्टैण्ड टीपी नगर में विराम लेगी।

इस शोभायात्रा में दिव्य झांकियों में जहां देवी-देवताओं की जीवंत झांकियों से भक्ति व श्रद्धा का संचार होगा वहीं विभिन्न प्रदेशों के कलाकारों की प्रस्तुतियां रोमांचित करेंगी।

ऊर्जाधानी में गौरवशाली लोक परम्पराओं को रेखांकित करती झांकियां भी देखने को मिलेंगी। अनेक जिले के डीजे धुमाल में भक्ति गीतों पर जहां युवा थिरकेंगे वहीं लोक नृत्य करमा के मांदर की थाप लोगों को झूमने पर विवश कर देगी।

यह आयोजन जितना विशाल होता है,उतनी ही आत्मीयता से लोगों का जुड़ाव भी देखने को मिलता है। हर साल नव वर्ष पर होने वाली इस शोभायात्रा की गूंज सिर्फ कोरबा ही नहीं आसपास के जिलों व राजधानी तक भी खूब रहती है।

हिन्दू क्रांति सेना से जुड़े तमाम लोग इस आयोजन को गरिमामयी व ऐतिहासिक बनाने के लिए तन-मन-धन से जुटे हुए हैं। कोरबावासियों को भी नए वर्ष के स्वागत में शामिल होने का बेसब्री से इंतजार है।