हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा। जय सियाराम ,जय हनुमान के जयघोषों से जिले के सभी हनुमान मंदिर गूंज उठे। अवसर था हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर का । शहर के सुभाष ब्लॉक स्थित प्रसिद्ध दक्षिणमुखी पंचमुखी हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा ।


बाबा के दरबार में अलसुबह से रात्रि तक भक्तों की दर्शनार्थ भींड़ लगी रही। इससे पूर्व दोपहर 12 बजते ही केक काटकर संगीतमय भजन कीर्तन कर भक्तों द्वारा संकटमोचन हनुमान जी को जन्मोत्सव की बधाइयां दी गई। राम जी और हनुमान जी की स्तुति व आरती , जय सियाराम ,जय हनुमान के जयकारों से समूचा मंदिर परिसर गूंज उठा। अलसुबह से देर शाम तक मंदिर में दर्शन निमित्त श्रद्धालुओं की उपस्थिति बनी रही।
कड़ी धूप होने के बावजूद श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की । मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला।
हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शहर के कोसाबाड़ी चौक स्थित सिद्ध श्री हनुमान मंदिर ,राम जानकी मंदिर स्थित हनुमान मंदिर ,आरपी नगर सिध्देश्वर हनुमान मंदिर ,जिले के कुदुरमाल स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर ,कटघोरा के चकचकवा पहाड़ स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर ,गजरा स्थित सिद्ध हनुमान मंदिर समेत जिले के समस्त हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की उपस्थिति देखने को मिली।लगभग सभी जगह हनुमान चालीसा पाठ,सुंदरकांड भोग भंडारा समेत विविध आयोजन हुए। सभी ने सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

