हरिद्वार । धर्मनगरी हरिद्वार में वैशाखी पर्व पर मंगलवार तडक़े से ही हरकी पैड़ी समेत समस्त गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। श्रद्धालु गंगा की पावन सलिला में पुण्य की डुबकी लगा रही है। वहीं भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा को लेकर खास इंतजाम किए हैं। ज्योतिषीय गणना के अनुसार आज प्रात: 9 बजकर 38 मिनट पर सूर्य देव मकर राशि से निकलकर मेष राशि में प्रवेश किया है, जिसे मेष संक्रांति के रूप में भी जाना जाता है।

इसी खगोलीय परिवर्तन के साथ नव सौर वर्ष का आरंभ माना जाता है, जिससे इस दिन का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है। नारायणी शिला मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार वैशाखी के दिन गंगा स्नान, सूर्य पूजन, दान-पुण्य एवं गंगा आराधना करने जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है।
उन्होंने बताया कि गंगा स्नान के उपरांत तीर्थ पुरोहितों एवं गुरुओं को मौसमी फल और रस पात्र दान करने से दस हजार तप के समान फल की प्राप्ति होती है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन और 33 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां पुलिस, पीएसी, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) एवं जल पुलिस के जवान मुस्तैदी से तैनात हैं।
