रायपुर । राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर रवि साहू की करीब 7 करोड़ 66 लाख रुपए की संपत्ति सीज कर दी है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने पहली बार SAFEMA कानून के तहत यह बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रवि साहू लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। उसके खिलाफ NDPS एक्ट समेत कुल 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अवैध कमाई से पत्नी, बेटे और मां के नाम पर करोड़ों की संपत्तियां बनाई थीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 16 संपत्तियों को जब्त किया है। इनमें जमीन, मकान और अन्य अचल संपत्तियां शामिल बताई जा रही हैं। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से तैयार की गई पूरी फाइल SAFEMA कोर्ट मुंबई भेज दी गई है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई को प्रदेश में ड्रग नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस का दावा है कि भविष्य में भी नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
