बिलासपुर। बिलासपुर की रहने वाली एक भाजपा नेत्री ने रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपए की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, भाजपा नेत्री का दिल्ली आना-जाना लगा रहता था। करीब दो साल पहले उनकी मुलाकात झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई थी। महिला का आरोप है कि आरोपी ने खुद को बड़ा कारोबारी बताते हुए माइनिंग कारोबार में निवेश करने पर मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया।

बताया जा रहा है कि कारोबारी ने व्यापार में साझेदारी और अच्छी कमाई का भरोसा दिलाकर महिला से निवेश कराया। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और आरोपी ने भरोसे का फायदा उठाते हुए दिल्ली में महिला के साथ दुष्कर्म किया।
महिला नेत्री का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी लगातार उन्हें ब्लैकमेल करता रहा और पैसों की मांग करता रहा। शिकायत में महिला ने बताया कि कारोबारी ने किश्तों में उनसे करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए लिए। रकम आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से ट्रांसफर की गई थी।
महिला का कहना है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी उल्टा उन्हें ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करने लगा। लंबे समय तक मानसिक रूप से परेशान रहने के बाद आखिरकार उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी संजय सिंह के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
