कोरबा-पाली। कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सागत अव्यवस्थाओं को लेकर कई बार मामले उजागर हो चुके हैं। बार-बार उजागर होते मामलों और व्याप्त अव्यवस्थाओं तथा मरीजों के उपचार में विलंब की घटनाओं से उपजने वाले हालातों को लेकर बिगड़ते माहौल से कोई सबक नहीं लिया जा रहा है। 28 मई की रात भी एक ऐसा ही घटनाक्रम पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ जिसे लेकर खूब हंगामा मचा और स्वास्थ्य कर्मियों ने हड़ताल कर दी।

स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल और स्वास्थ्य केंद्र में हुए घटनाक्रम के मद्देनजर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर लिया है। अस्पताल में हंगामा हुआ तो एफआईआर दर्ज होना लाजमी लेकिन,ताली कभी भी एक हाथ से नहीं बजती। उन अव्यवस्थाओं का क्या, जिसकी वजह से ऐसे हालात निर्मित होते रहते हैं, आखिर इस पर संज्ञान कब लिया जाएगा? इसके लिए अस्पताल के किस कर्मी-अधिकारी पर जिम्मेदारी तय होगी?
हमारे समाचार सहयोगी ने बताया कि यह मामला ग्राम पंचायत नुनेरा निवासी सोहेल की एकाएक तबीयत बिगड़ने से जुड़ा हुआ है। बकरीद की रात लगभग 9:30 बजे सोहेल अपने परिजनों के साथ घर पर मौजूद था कि एकाएक उसकी तबीयत बिगड़ी और बेहोश जैसा हो गया। उसे क्षेत्र के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां के डॉक्टर द्वारा हाथ खड़े कर लेने पर और उसे बिलासपुर ले जाने की सलाह देने के बाद हड़बड़ाए परिजनों को कुछ नहीं सूझा और वह पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां करीब आधा से पौन घंटे तक सोहेल यूं ही बिस्तर पर अचेत पड़ा रहा। उसके परिजन इस बात को लेकर बेचैन रहे कि उसका इलाज कब शुरू होगा? करीब आधे घंटे तक भी इलाज करने के लिए ना तो रात की ड्यूटी में तैनात डॉक्टर पहुंचा, न ही स्टाफ नर्स या कोई और। आधा घण्टा इंतजार के बाद परिजन ने ड्रेसिंग रूम का वीडियो बनाया। एक आया के भरोसे स्टाफ नर्स का काम लेने की बात भी सामने आई। करीब पौन घंटे बाद सोहेल का उपचार शुरू किया गया। इस बीच परिजन द्वारा बनाये जा रहे उपचार सम्बन्धी वीडियो को देख कर अपनी खामी को छिपाने के लिए वीडियो डिलीट करने का दबाव लगातार बनाया जाने लगा। उपचार में विलंब और इसका वीडियो बनाने को लेकर बात कुछ ऐसी बिगड़ी कि विवाद हो गया। दीपका के युवा कांग्रेस का ब्लॉक अध्यक्ष सद्दाम बकरीद की रात सोहेल के घर गया था और सोहेल तबियत बिगड़ने पर वह भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा था। हंगामा होने की सूचना पर एक जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचा। यहां मरीज के परिजन के साथ स्टाफ नर्स और आया से बहस हो रही थी। अव्यवस्थाओं/इलाज में विलम्ब को लेकर ब्लॉक अध्यक्ष ने भी अपना गुस्सा जाहिर किया। अस्पताल की महिला स्टाफ के द्वारा टच करने को लेकर बात बढ़ाई गई तो जनप्रतिनिधि ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में सारी चीज कैद होने का हवाला देते हुए कहा कि इसमें सब कुछ दिख रहा है। अनर्गल लगाए जा रहे टच करने के आरोप को लेकर बात और बढ़ गई। एक-दूसरे को देख लेने की धमकी तक दी गई,औकात बताई गई। बीएमओ डॉ. अनिल शराफ़ भी मौके पर पहुंचे थे। दूसरे दिन अस्पताल के स्टाफ ने हंगामा करने वालों को शराब के नशे में आकर हंगामा करना बताते हुए अपनी सुरक्षा के प्रति भय उत्पन्न होने का जिक्र कर हड़ताल कर दी और कामकाज ठप हो गया। पुलिस ने महिला स्टाफ की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। एकतरफ़ा दबाव के चलते दूसरे पक्ष ने कोई रिपोर्ट अपने साथ हुए व्यवहार के मामले में दर्ज नहीं कराई है पुलिस ने आरोपी पक्ष का मोबाइल आदि जप्त कर लिया है
👉 वार्ड आया की रिपोर्ट पर जुर्म दर्ज
सीएचसी पाली में वार्ड आया का काम करने वाली अनिशा जगत पति सुमित सिंह 28 वर्ष, निवासी सीएचसी पाली ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 28.05.2026 को लगभग रात्रि 09.30 बजे वह 4 नंबर ड्रेसिंग रूम में थी। उसी समय अज्ञात 03-04 व्यक्ति आये और शराब के नशे में बोलने लगे-हम लोग बहुत समय आये हैं, कोई ध्यान नही दे रहे हैं। कह कर गाली गुप्तार करते महिला स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किये।
आरोप है कि महिला कर्मियों को गलत तरीके से छूकर गाली-गलौच किया गया और हाथ उठाने की कोशिश की गई, बाद में देख लेने की धमकी दी गई। अपनी सुरक्षा की चिंता है एवं हमारे कार्य स्थल में काम करने से खतरा महसूस हो रहा है। अनिशा जगत की रिपोर्ट पर अज्ञात 03-04 व्यक्ति के विरुद्ध धारा 132, 221, 296, 3(5)-BNS के तहत जुर्म दर्ज कर लिया गया है।
