KORBA : आंधी -तूफान बना काल ,बारिश से बचने पेंड के नीचे खड़े 3 बच्चों पर गिरी डंगाल , दर्दनाक मौत ,पूरे गांव में पसरा मातम …..

कोरबा । जिले के पाली क्षेत्र में शनिवार को तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। पेड़ के नीचे खड़े तीन बच्चों पर अचानक पेड़ की भारी डंगाल टूटकर गिर गया, जिससे तीनों बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक पाली थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़गांव के आश्रित मोहल्ले में रहने वाले कमलेश कुमार, इंदिस तिर्की और शिव टेकाम नामक नाबालिग बच्चे दोपहर के समय घर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश और तेज हवाओं से बचने के लिए तीनों बच्चे पास में स्थित एक बड़े पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए।

बताया जा रहा है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ की एक बड़ी डंगाल अचानक टूटकर बच्चों के ऊपर आ गिरी। डंगाल के नीचे दबने से तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल बच्चों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए। रास्ते में ही एक बच्चे ने दम तोड़ दिया, जबकि अस्पताल में इलाज के दौरान दो अन्य मासूम बच्चों की भी मौत हो गई।

एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने के खतरों को उजागर कर दिया है।