KORBA : महिला की वेशभूषाधारी समेत 3 नकाबपोश राज ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर घुसे , दिनदहाड़े संचालक कर्मचारी पर मिर्च पाउडर झोंक कट्टे की नोंक पर ले उड़े असली व आर्टिफिशियल ज्वेलर्स , देशी कट्टा -बाइक छोंड़ भागे ,मचा हड़कम्प,पुलिस ने की घेराबंदी ,देखें लूट की वायरल वीडियो ….

कोरबा। जिले में कमजोर कानून व्यवस्था से आपराधिक घटनाओं पर लगाम नहीं लग रहा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरीबाजार में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े एक ज्वैलर्स दुकान में लूट की कोशिश की गई। 3 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर राज ज्वैलर्स पहुंचे और मिर्ची पाउडर झोंककर लूट का प्रयास किया।
दुकानदार की बहादुरी के चलते बड़ी वारदात टल गई। भागते समय बदमाश अपना कट्टा और बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

👉ग्राहक बनकर पहुंचे, महिला के वेश में था एक आरोपी

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 1 बजे तीन बदमाश ग्राहक बनकर राज ज्वैलर्स में दाखिल हुए। इनमें से एक आरोपी सलवार-सूट पहनकर महिला के वेश में आया था, ताकि उसकी पहचान छिपी रहे। आरोपियों ने दुकानदार से सोने की अंगूठी दिखाने को कहा। जैसे ही जेवर बाहर निकाले गए, एक बदमाश ने दुकानदार की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया।

👉कट्टे और चाकू के दम पर लूट की कोशिश

मिर्ची झोंकने के बाद बदमाशों ने कट्टे और चाकू की नोक पर काउंटर में रखे जेवर समेटने शुरू कर दिए। जल्दबाजी में उन्होंने कुछ नकली आभूषणों को भी असली समझकर उठा लिया। घटना के समय दुकान में 3 कर्मचारी मौजूद थे।

👉दुकानदार ने किया मुकाबला, चाकू से घायल

लूट के बाद भाग रहे आरोपियों को दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया और हाथ में काट लिया। हाथापाई के दौरान आरोपी अपना कट्टा और प्लैटिना बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। वे कुछ असली जेवरों के साथ आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी ले जाने में सफल रहे।

👉CCTV में पूरी वारदात हो गई कैद

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में लुटेरों की पूरी करतूत रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

👉पुलिस ने की घेराबंदी, जांच तेज

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी। मौके से बरामद कट्टा और बाइक को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

👉महिला वेशधारी आरोपी की तलाश

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। महिला के वेश में आए बदमाश की पहचान करना जांच की सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है। कटघोरा एसडीओपी ने कहा कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।