KORBA : शहर के प्रवेश द्वार पर साय सरकार खोलने जा रही शराब दुकान,जनता हैरान ,आक्रोशित महिलाओं ने बरबसपुर में खोला मोर्चा,कहा किसी भी हालत में नहीं खुलने देंगे ,जनाक्रोश को पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर का भी मिला साथ …

कोरबा। कोरबा शहर के प्रवेश द्वार बरबसपुर में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर विरोध शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में महिलाएं प्रस्तावित दुकान के सामने पहुंचीं और शराब दुकान खोले जाने के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। उनके इस प्रदर्शन को पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर का भी साथ समर्थन मिला । महिलाओं का कहना है कि शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र में घरेलू हिंसा, छेड़खानी और असामाजिक गतिविधियों का खतरा बढ़ सकता है।

👉महिलाओं ने किया विरोध, बोलीं- शराब दुकान नहीं खुलने देंगे

प्रस्तावित शराब दुकान के सामने पहुंचीं महिलाओं ने कहा कि शराब के कारण पहले से ही कई परिवार परेशान हैं। महिलाओं का आरोप है कि उन्हें घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इलाके में शराब दुकान खुलने से उनकी परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि बरबसपुर में किसी भी हालत में शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। विरोध के दौरान महिलाओं ने प्रशासन से दुकान का प्रस्ताव रद्द करने की मांग की।

👉’बच्चियों के साथ छेड़खानी का डर’

विरोध कर रही महिलाओं ने सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि शराब दुकान के आसपास शराबियों की आवाजाही बढ़ने से बच्चियों और महिलाओं के साथ छेड़खानी जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।

महिलाओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि शराब दुकान खुलने के बाद क्षेत्र में किसी महिला या बच्ची के साथ कोई घटना होती है तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?

👉’घरेलू हिंसा और सामाजिक माहौल पर पड़ेगा असर’

महिलाओं का कहना है कि शराब की वजह से परिवारों में विवाद और घरेलू हिंसा की घटनाएं बढ़ती हैं। ऐसे में रिहायशी इलाके और शहर के प्रवेश द्वार पर शराब दुकान खोलने का फैसला उचित नहीं है।