पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली -पत्नी डोना गांगुली को जान से मारने की धमकी, कुरियर से भेजे पत्र,6 माह से मिल रही धमकी,दर्ज हुआ FIR, बंगाल पुलिस ने गांगुली परिवार की सुरक्षा का किया रिव्यू

कोलकाता। पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को जान से मारने की धमकी मिली है। गांगुली परिवार ने कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना के बाद पश्चिम बंगाल सुरक्षा विभाग हरकत में आ गया है और गांगुली परिवार की सुरक्षा का रिव्यू किया जा रहा है।

👉कूरियर से धमकी भरे पत्र आए

पुलिस के अनुसार सोमवार को बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के दफ्तर में एक कूरियर पैकेट पहुंचा। लिफाफा खोलने पर उसमें अंग्रेजी में लिखे दो पत्र मिले, जिनमें सौरव गांगुली, उनकी पत्नी डोना और उनके साथ काम करने वाले कर्मचारियों को ‘खत्म करने’ (जान से मारने) की सीधी धमकी दी गई थी।

👉6 महीने से मिल रहे थे लेटर, गांगुली ने नजरअंदाज किया

गांगुली परिवार के सूत्रों के अनुसार, इस तरह के पत्र पिछले 6 महीने से लगातार मिल रहे थे। शुरुआती दिनों में परिवार ने इन्हें किसी सिरफिरे फैन या निजी नाराजगी जताने वाले व्यक्ति की हरकत समझकर नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन सोमवार को आए पत्रों में बेहद आक्रामक और हिंसक भाषा का इस्तेमाल किया गया था, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस से संपर्क किया गया।