CG : न्यायधानी में दसवीं की 2 छात्राएँ रहस्मयी ढंग से लापता,अपहरण की आशंका से मचा हड़कम्प, जांच में जुटी पुलिस …

बिलासपुर । बिलासपुर में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राओं के एक साथ लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों छात्राएं शनिवार को स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन छुट्टी के बाद घर वापस नहीं पहुंचीं। काफी तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

छात्राओें के लापता होने का ये मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक बिरकोना निवासी एक छात्रा के पिता ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी 10वीं कक्षा में पढ़ती है। शनिवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। स्कूल में पढ़ाई के बाद वह अपनी सहेलियों के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान दोनों छात्राओं ने सहेलियों से कहा कि उन्हें रास्ते में दुकान से कुछ सामान लेना है। इसके बाद दोनों साथ में दुकान की ओर चली गईं, जबकि उनकी सहेलियां अपने-अपने घर लौट गईं।

दोपहर बाद तक दोनों छात्राएं घर नहीं पहुंचीं, तो परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने पहले स्कूल की अन्य छात्राओं और सहेलियों से पूछताछ की। जब कोई जानकारी नहीं मिली तो रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की गई। कहीं से कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने कोनी थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने दोनों छात्राओं के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द तलाश करने की मांग की। शिकायत मिलने के बाद कोनी पुलिस ने मामले में अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस छात्राओं के स्कूल से लेकर उनके घर तक के रास्ते और आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। पुलिस गांव के लोगों और छात्राओं के संपर्क में आए लोगों से भी पूछताछ कर रही है। दोनों छात्राओं के अचानक एक साथ गायब होने को लेकर पुलिस हर संभावित पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल दोनों नाबालिग छात्राओं का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस उनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों और आसपास के इलाकों में लगातार जांच कर रही है।