CG : प्रीमियम ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने वाले 2 आरोपी चढ़े दुर्ग पुलिस के हत्थे , 2 लाख की कीमती 18 हजार नकली सिगरेट जब्त ,सिंडिकेट तक पहुंचने का प्रयास कर रही पुलिस …

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर के इंदिरा मार्केट स्थित SSD ट्रेडर्स पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रीमियम ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दुकान से करीब 2 लाख 7 हजार रुपये कीमत की 18 हजार नकली सिगरेट और पैकिंग सामग्री जब्त की है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

👉शिकायत के बाद पुलिस ने मारा छापा

सिटी कोतवाली पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त को एक बड़ी सिगरेट निर्माण कंपनी के अधिकृत फील्ड ऑफिसर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि इंदिरा मार्केट स्थित SSD ट्रेडर्स में कंपनी के ब्रांड नाम का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल कर नकली सिगरेट बेची जा रही है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में ब्रांडेड कंपनी के नाम से तैयार नकली सिगरेट बरामद हुई।

👉MRP और QR कोड लगाकर ग्राहकों को दिया जा रहा था झांसा

पुलिस के अनुसार, दुकान से 18,000 नकली सिगरेट और पैकिंग सामग्री बरामद हुई। नकली पैकेटों पर असली पैकेट जैसा दिखाने के लिए 115 रुपये MRP और QR कोड तक प्रिंट किए गए थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि अधिक मुनाफा कमाने के लिए आरोपियों द्वारा नकली सिगरेट को असली बताकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था।

👉2 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में, विशाल जसवानी (36), निवासी गुरुनानक नगर, सत्यम बेकरी गली, दुर्ग। निखिल सिहानी (29), निवासी सदानी नगर, सिंधी कॉलोनी, दुर्ग को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

👉कहां से आती थी नकली सिगरेट नेटवर्क की हो रही जांच

अब सिटी कोतवाली पुलिस नकली सिगरेट के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली सिगरेट कहां तैयार होती थी और दुर्ग शहर की किन-किन दुकानों तक इसकी सप्लाई की जा रही थी।
जांच के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।