KORBA : नालंदा में डेढ़ करोड़ की डकैती कर फरार 2 डकैत उर्जानगरी में गिरफ्तार ,जीजा के घर छिपे थे सोनू-धीरज

0 45 लाख नकद और 70 लाख के सोने के जेवर पारकर छिपे थे,इस तरह चढ़े पुलिस के हत्थे …

कोरबा । बिहार के नालंदा में हथियारबंद डकैती की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे आरोपियों तक पहुंचने में बिहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद दो आरोपी कोरबा में आकर छिपे हुए थे। जिनका सुराग मिलने के बाद बिहार से पुलिस की टीम कोरबा पहुंची थी। आज दोपहर पुलिस की टीम ने बीच शहर में आरोपियों की घेराबंदी कर फिल्मी स्टाइल में बीच सड़क में दौड़ाकर पकड़ने के बाद गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक बिहार पुलिस नालंदा में हुई बड़ी डकैती के आरोपियों की तलाश में उनकी लोकेशन ट्रेस करते हुए कोरबा पहुंची थी। सुभाष चौक के पास संदिग्धों के नजर आते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने पीछा कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ और पहचान के बाद इनमें से दो के नालंदा डकैती मामले में आरोपी होने की पुष्टि हुई।

पुलिस के मुताबिक डकैती की ये वारदात 3 अगस्त 2026 की रात नालंदा निवासी राजीव रंजन के घर से जुड़ा है। बताया गया कि करीब 12 हथियारबंद डकैत घर में दाखिल हुए थे। पहले उन्होंने राजीव रंजन के माता-पिता को बंधक बनाया और फ्लैट का दरवाजा खुलवाया। इसके बाद पत्नी और बच्चों को भी बंधक बना लिया गया। सभी बदमाशों के पास पिस्तौल थी और वे एक विशेष भाषा में आपस में बातचीत कर रहे थे। परिवार को बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने घर में रखी नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

👉45 लाख नकद और 70 लाख के सोने के जेवर ले गए

पुलिस के मुताबिक डकैतों ने गोदरेज में रखे करीब 45 लाख रुपये नकद और लगभग 450 ग्राम सोने के जेवर लूटे थे। सोने के सामान की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। लूटे गए सामान में सोने की चेन, झुड़ी, कानवाली, झुमके, मंगलसूत्र, गले के सेट, डायमंड गले का सेट और ब्रासलेट समेत कई आभूषण शामिल थे। इसके अलावा बदमाश करीब 3 किलो चांदी और कारोबारी परिवार से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी ले गए थे।

नालंदा पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी थी। तकनीकी जानकारी और लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम को उनके कोरबा में होने का इनपुट मिला। इसके बाद टीम ने कोरबा पहुंचकर सुभाष चौक के पास कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार महतो (26), निवासी गुलिनी, थाना दीपनगर, जिला नालंदा और धीरज कुमार (25), निवासी जोरारापुर, थाना नालंदा के रूप में हुई है।

इस वारदात में नकदी और कीमती जेवरात के साथ कारोबारी फर्म से जुड़े दस्तावेज भी लूटे गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डकैती में शामिल बाकी आरोपियों की भूमिका क्या थी और लूटा गया सामान कहां छिपाया गया है। कोरबा में हुई इस कार्रवाई के बाद अब बिहार पुलिस डकैती के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूट के माल से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।