KORBA : अस्पताल के बाथरूम में मानव भ्रूण मिलने से मची खलबली ,पुलिस और FSL टीम ने शुरू की जांच ,CCTV फुटेज खंगाल रहे …

कोरबा । जिले में रानी धनराज कुंवर अस्पताल के बाथरूम में सोमवार को मानव भ्रूण मिला है। पुराने बस स्टैंड स्थित अस्पताल में सफाई के दौरान कर्मचारी को भ्रूण मिला। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। FSL टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

सफाई कर्मचारी पी. चिना के मुताबिक, सोमवार सुबह वह अस्पताल के बाथरूम की सफाई करने पहुंचा था। वहां तेज बदबू आ रही थी। अंदर जाकर देखने पर उसे भ्रूण पड़ा मिला। उसने तुरंत इसकी जानकारी अपने सुपरवाइजर पवन कुमार साहू को दी। सफाई कर्मचारी का आरोप है कि सुपरवाइजर ने उसे भ्रूण को पन्नी में पैक कर अस्पताल की छत पर रखने के लिए कहा।

👉पुलिस को नहीं दी गई तत्काल सूचना

सफाई कर्मचारी के मुताबिक, सुपरवाइजर ने उससे बाथरूम साफ करने के लिए कहा और बताया कि डॉक्टर और मरीज आने वाले हैं। उसका कहना है कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि मामले में पुलिस को सूचना देना जरूरी है और भ्रूण को इस तरह हटाना जांच को प्रभावित कर सकता है। बाद में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।

👉पुलिस ने किया पंचनामा, FSL ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मौके का पंचनामा किया। FSL टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। भ्रूण का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

👉CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। इसके अलावा ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भ्रूण अस्पताल के बाथरूम तक कैसे पहुंचा, उसे वहां कब छोड़ा गया और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।