0 कार्यकर्ताओं से ज्यादा पुलिस की ‘ फौज ‘ ने खींचा ध्यान
कोरबा। नगर निगम की बदहाल सड़कों, जलभराव, नालियों और सफाई व्यवस्था को लेकर युवा कांग्रेस ने गुरुवार को नगर निगम कार्यालय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कोसाबाड़ी से शुरू हुआ यह प्रदर्शन देखते ही देखते राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया। दिलचस्प बात यह रही कि प्रदर्शनकारियों को संभालने के लिए मौके पर पुलिस की तैनाती इतनी रही कि कई लोगों की नजर में कार्यकर्ताओं से ज्यादा पुलिसकर्मी नजर आए।
लोकसभा युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्याम नारायण सोनी के नेतृत्व में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय का घेराव करने निकले। प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी ने भी समर्थन दिया।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर रखी थी। इसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर रस्साकशी हुई। कुछ देर तक मौके पर ऐसा माहौल रहा मानो निगम कार्यालय कोई राजनीतिक किला हो और दोनों पक्ष अपनी-अपनी ताकत आजमाने में जुटे हों।
👉सड़क, नाली और पानी पर सरकार को घेरा
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए श्याम नारायण सोनी ने महापौर, शहर विधायक और मंत्री पर जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर असंवेदनशील होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना था, तथाकथित ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ उस भरोसे पर खरी नहीं उतर रही है।
सोनी ने कहा कि अच्छी सड़क, बेहतर नाली, जलभराव से राहत और साफ-सफाई कोई एहसान नहीं, बल्कि जनता का अधिकार है। जब नगर निगम विभिन्न मदों में टैक्स वसूल करता है तो नागरिकों को सुरक्षित और बेहतर सड़क देना भी निगम की जिम्मेदारी है।
👉सड़क खराब तो निगम से मुआवजे की मांग!
प्रदर्शन के दौरान श्याम नारायण सोनी ने सबसे तीखा हमला करते हुए चेतावनी दी कि यदि खराब सड़कों के कारण किसी नागरिक की दुर्घटना में मौत होती है तो नगर निगम से नियमानुसार मुआवजे की मांग की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि जनता की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने संकेत दिया कि यह प्रदर्शन फिलहाल ट्रेलर है। सड़क, नाली, जलभराव और सफाई की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
👉‘जंगी प्रदर्शन’ में सियासी तड़का
प्रदर्शन में कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आम आदमी पार्टी के समर्थन ने भी प्रदर्शन को राजनीतिक रंग दे दिया। कोसाबाड़ी से निगम कार्यालय तक पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
प्रदर्शन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर अभय तिवारी, प्रदेश युवा कांग्रेस महामंत्री शहजाद आलम, बाकी मोगरा नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, एनएसयूआई शहर अध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष मनमोहन राठौर, आनंद सिंह, लहन सिंह, आजाद बक्स, नियाज खान, सोमराज, पूर्व पार्षद सीताराम चौहान सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और समर्थक मौजूद रहे।
कुल मिलाकर कोरबा में निगम की बदहाल सड़कों और जलभराव का मुद्दा अब सिर्फ जनसमस्या नहीं रहा, बल्कि सियासी वार-पलटवार का नया मैदान बनता दिख रहा है।
