बिलासपुर। जिले में नशे की हालत में हुए विवाद ने दो परिवारों में मातम पसार दिया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो विवादों में दो लोगों की हत्या कर दी गई। पहली घटना में दो भाईयों के बीच विवाद के बाद सब्बल से हमला कर बड़े भाई की जान ले ली गई, जबकि दूसरी घटना में शराब खरीदने के लिए लाइन में लगने के दौरान हुए विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
👉भांजे से मारपीट रोकना पड़ा भारी, मामा ने मामा की कर दी हत्या

ग्राम हरदीकला टोना में एक ही परिवार के दो भाईयों के बीच हुआ विवाद खूनी हो गया। पुलिस द्वारा बताया गया कि सुदर्शन कुर्रे अपने भांजे के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था। इसी दौरान उसके बड़े मामा सुभाष कुर्रे ने भाई सुदर्शन को भांजे के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। सुदर्शन कुर्रे ने सुभाष कुर्रे पर सब्बल से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल सुभाष की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों नशे की हालत में थे। सूचना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
👉शराब भट्टी में लाइन लगाने को लेकर विवाद, धारदार हथियार से हमला
इधर, थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के हरदी स्थित शराब भट्टी में शराब खरीदने के लिए लाइन में लगने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मारपीट की सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल राकेश प्रजापति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक पूछताछ और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में सामने आया है कि शराब खरीदने के लिए लाइन में लगने के दौरान मृतक और आरोपी के बीच बहस और विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने राकेश प्रजापति पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस द्वारा मामले में विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
