कोरबा। एसईसीएल प्रबंधन द्वारा अधिग्रहित ग्राम हरदीबाजार के भू-विस्थापितों और प्रभावित ग्रामीणों की मुआवजा, रोजगार एवं पुनर्वास सहित अन्य मांगों का निराकरण नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्राम पंचायत हरदीबाजार के सरपंच लोकेश्वर सिंह कंवर ने एसईसीएल प्रबंधन को पत्र भेजकर 5 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर स्थित सीएमडी कार्यालय के घेराव और तालाबंदी की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों के अनुसार 21 सितंबर को कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल की मौजूदगी में एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में बैठक हुई थी। इसमें प्रबंधन ने मांगों के समाधान के लिए 2-3 दिन का समय दिया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी कोई ठोस अथवा लिखित निर्णय सामने नहीं आया। इससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ गया है। सरपंच ने कहा है कि यदि प्रबंधन ने शीघ्र न्यायपूर्ण निर्णय नहीं लिया तो 5 अक्टूबर को भू-विस्थापितों और ग्रामीणों द्वारा विधायक के सहयोग से सीएमडी कार्यालय का घेराव एवं तालाबंदी की जाएगी। पत्र की प्रतिलिपि बिलासपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा एसईसीएल दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक को भी भेजी गई है।
