छत्तीसगढ़ की सियासी हलचल फिर तेज , टीएस सिंहदेव अचानक दिल्ली रवाना, पर्यवेक्षकों के आने की भी चर्चा

रायपुर। ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के नाम पर शुरू हुई छत्तीसगढ़ की राजनीतिक खींचतान शांत होती नहीं दिख रही है। प्रदेश की राजनीति में हलचल एक बार फिर तेज है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव आज अचानक दिल्ली रवाना हो गए हैं।इस बीच दिल्ली से कुछ वरिष्ठ नेताओं के पर्यवेक्षक बनकर रायपुर आने की चर्चा भी जोर पकड़ रही है।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव सोमवार 3 बजे के करीब रायपुर हवाई अड्‌डे पहुंच गए। पता चला कि वे दिल्ली जा रहे हैं। सिंहदेव की ओर से बताया गया, वे पारिवारिक कारणों से दिल्ली जा रहे हैं। कल लौट आएंगे।
सिंहदेव शनिवार रात को ही रायपुर लौटे हैं। उस दिन उन्होंने बताया था, विभागीय कामकाज पर ध्यान रखते हुए वे हाईकमान के फैसले का इंतजार करेंगे। रविवार को उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की। चिकित्सा शिक्षा विभाग और दवाओं की खरीदी की प्रक्रिया के बारे में निर्देश दिए। अगले कुछ दिनों में वे पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के साथ जीएसटी विभाग के कामकाज की समीक्षा करने वाले थे। अचानक उनके दिल्ली जाने से कई तरह के कयास शुरू हो गए हैं।