मंत्री के प्रेस कांफ्रेंस में हादसा: केंद्रीय मंत्री कर रहे थे प्रेस कॉन्फ्रेंस तभी सीलिंग गिरी धड़ाम से….. मंत्री को बचाने के चक्कर में सुरक्षाकर्मी पर गिरा बड़ा सा टाइल्स

रामपुर। केंद्रीय मंत्री के प्रेस कांफ्रेंस में बड़ा हादसा हो गया। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी गुरुवार को रामपुर में थे। नकवी यहां हुनर हाट की तैयारियों का जायजा लेने आए थे। वह 16 अक्‍टूबर को हुनर हाट का लोकार्पण करेंगे। इस बीच, नकवी के प्रेस कॉन्‍फ्रेंस के दौरान सीलिंग पीवीसी शीटें गिरनी शुरू हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह हाथ लगाकर उन्‍हें नकवी के ऊपर गिरने से बचाया।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री के पीछे खड़े सुरक्षा कर्मियों पर सीलिंग टाइल्स गिर गई। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। इस दौरान मुख्तार अब्बास नकवी भी बाल-बाल बच गए।

बता दें कि 16 अक्टूबर से शुरू हो रहे हुनर हॉट का जायजा लेने के लिए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी रामपुर पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के बाद वह प्रेस-कॉन्फ्रेंस हॉल में पहुंचे। यहां वह पत्रकारों से बातचीत कर ही रहे थे कि तभी पीछे खड़े सुरक्षा कर्मियों के सिर पर सीलिंग टाइल्स गिर गई। कुछ देर के लिए प्रेस-कॉन्फ्रेंस हॉल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।