नई दिल्ली । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और केरल से वायनाड के सांसद राहुल गांधी ने आज यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा करने वाली कांग्रेस ने कई अहम दावे किए। उन्होंने इस दौरान न केवल बीजेपी बल्कि अन्य दलों पर भी निशाना साधा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज यहां युवा घोषणापत्र रिलीज कर रही है। सोच ये है कि यूपी के युवाओं के भविष्य के लिए खोखले शब्द नहीं, किस तरह हम आपको रोजगार दिलाएंगे। इस घोषणापत्र में हमने यही लिखा है। कांग्रेस का घोषणापत्र बनाने के लिए पार्टी ने यूपी के युवाओं से बात की है और उनकी आकाक्षांओं को इसमें डाला है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम देश के युवाओं को सालाना दो करोड़ रोजगार देंगे, लेकिन जो हो रहा है, वह आप जानते हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि ये जो भर्ती विधान है, इसे बनाने के लिए हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे यूपी में युवाओं से बात की और उनकी परेशानियों के बारे में पूछा। उन्हीं चर्चाओं से ये भर्ती विधान निकला है। युवाओं का उत्साह टूट गया है। हम युवाओं को भरोसा देना चाहते हैं कि हम कैसे उनका भरोसा बहाल करेंगे, कैसे रोजगार देने में उनकी मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि इस भर्ती विधान में पांच सेक्शन हैं, जिनमें युवाओं की अलग अलग समस्याओं पर फोकस किया गया है। प्राथमिक विद्यालयों में खाली 1.5 लाख खाली पद भरे जाएंगे। माध्यमिक, उच्च शिक्षा, पुलिस आदि विभागों में खाली पदों को भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्कृत के शिक्षक, उर्दू के शिक्षक, आंगनबाड़ी, आशा आदि में खाली सभी पदों को भरा जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में नौजवानों का जो भरोसा टूटा है, उसे बहाल करने के लिए सभी परीक्षाओं के फॉर्म के लिए शुल्क माफ होंगे और बस, ट्रेन यात्रा फ्री होगी। प्रियंका गांधी ने कहा कि एक परीक्षा कैलेंडर जारी होगा, जिसमें भर्ती विज्ञापन, परीक्षा, नियुक्ति की तारीखें दर्ज होंगी और इसका उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरक्षण के घोटाले को रोकने के लिए हर भर्ती के लए सामाजिक न्याय पर्यवेक्षक होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा का बजट कम किया है। हमारी सरकार आएगी तो ये बजट बढ़ाया जाएगा और सभी कॉलेज व विश्वविद्यालयों को अपग्रेड किया जाएगा। अच्छी शिक्षा भविष्य निर्माण के लिए सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार के लिए नये अवसर प्रदान किये जाएंगे। मल्लाहों और निषादों के लिए विश्वस्तरीय संस्थान बनाया जाएगा जिसमें उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। अति पिछड़े समुदाय के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 1 फीसदी ब्याज की दर से कर्ज दिया जाएगा।
बीजेपी प्रत्याशी ने अखिलेश यादव पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, कहा- मुंह काला करके भेजेंगे, सपा नेता ने भी पार्टी छोड़ी
प्रियंका ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नशे के जाल से निकालने के लिए एक सेंटर खोला जाएगा जो युवाओं की काउंसिलिंग करेगा। इसके अलावा सांस्कृतिक क्षेत्र में युवाओं को बढ़ावा दिया जाए। हम आपके भविष्य की ठोस बात करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप भी लगाया। कहा कि आज चुनाव में जाति पर आधारित और सांप्रदायिक प्रचार किया जा रहा है। हम चाहते हैं कि सकारात्मक बातें हों और आपके भविष्य की बातें हों ताकि आपका भविष्य उज्जवल हो सके। घोषणा पत्र की अहम बातें कांग्रेस आज यूपी में युवाओं के लिए घोषणापत्र जारी किया। इनमें आठ अहम बातें हैं। परीक्षार्थियों के लिए बस, रेल यात्रा मुफ्त होगी। एक लाख पुलिस पोस्ट, 8 लाख सरकारी पद महिलाओं के लिए, 20 लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी, शिक्षकों के 1.50 लाख खाली पद भरे जाएंगे। 30 साल से कम उम्र के उद्यमियों को प्राथमिकता, सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के शुल्क माफ करेंगे, सीड स्टार्टअप फंड के लिए 5 हजार करोड़ किए जाएंगे।