कोरबा। बारिश से कोयला खदानों में ओवर बर्डन की मिट्टी खिसकने लगी है। दीपका खदान में स्लाइडिंग से एक डंपर ३० फीट नीचे फिसल गया। इसके चक्के स्लाइडिंग की मिट्टी में धंस गए।घटना में डंपर ऑपरेटर सुरक्षित है।
हादसा शनिवार की सुबह लगभग 5.30 बजे की बताई जा रही है। 240 टन माल परिवहन करने वाला डंपर दीपका खदान के ओवर बर्डन क्षेत्र में चल रहा था। शनिवार की सुबह ऑपरेटर नारायणलाल डंपर पर खदान से मिट्टी लोडकर ओवर बर्डन इलाके में पहुंचे। खाली करने के लिए डंपर को ओवर बर्डन के किनारे ले गए।
इस बीच ओवर बर्डन के एक हिस्से में भूस्खलन होने लगी। ओवर बर्डन से मिट्टी और पत्थर के टुकड़े नीचे की ओर गिरने लगे। इससे डंपर का संतुलन बिगड़ गया। डंपर नीचे ओर फिसलने लगा। नारायणलाल के देखते ही देखते डंपर 30 से 35 फीट नीचे खिसकर मिट्टी में फंस गया। इसके सभी पहिए ओवर बर्डन की मिट्टी में धंस गए। ऑपरेटर नारायणलाल डंपर की केबिन में फंस गया।घटना के समय ओवर बर्डन इलाके में कार्यरत कर्मचारियों ने सूचना वहां मौजूद लोगों को दिया। दीपका प्रबंधन को अवगत कराया गया। सूचना पर खान मैनेजर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। केबिन में चालक नारायणलाल सुरक्षित मिला। दीपका प्रबंधन की ओर से बताया गया कि बारिश में मिट्टी गिली होने से ओवर बर्डन में स्लाइडिंग की घटना हुई है। डंपर ऑपरेटर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को घटनास्थल से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया गया।