मध्यप्रदेश । केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को अशोकनगर जिले की मुंगावली तहसील के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। उन्होंने 4 से 5 गांव में पीड़ितों से मिलकर बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। वहीं मुंगावली कृषि मंडी में किसानों को संबोधित कर उन्हें शीघ्र सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया। सिंधिया ने जिले के अधिकारियों के साथ भी समीक्षा बैठक की और जहां बिजली, सड़क, हैंडपंप की स्थिति खराब हुई है उन्हें जल्द से जल्द ठीक करने के निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि अशोकनगर जिले में बाढ़ से 961 परिवार प्रभावित हुए हैं। मैंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में प्राथमिकता से काम करें। सबसे पहले लोगों के खानपान की व्यवस्था की जाए। बाढ़ का पानी निकल जाने के बाद बीमारी फैलती है, इस वजह से स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया जाए।
बाढ़ प्रभावितों को शीघ्र सहायता दिलवाने का दिया आश्वासन
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाढ़ प्रभावितों को शीघ्र सहायता दिलवाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि मुआवजा राशि का बंटवारा पारदर्शिता के साथ होगा। किसी को घबराने की जरुरत नहीं है। बीजेपी सरकार गरीबों के साथ है। किसी को कोई परेशानी नहीं होगी।