मिशन 2023 :शराबबंदी के बहाने भूपेश सरकार को घेरने ,भाजपा महिला मोर्चा निकालेगी महतारी हुंकार रैली,बोलीं सांसद सरोज पांडेय-सरकार की मंशा शराबबंदी की नहीं

रायपुर। महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक मंगलवार हो हुई, जिसमें शराबबंदी को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। बैठक में 3 नवंबर को महतारी हुंकार रैली निकालने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा भाजपा महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में जाकर न्याय मांगेगी।

राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने प्रेसवार्ता में कहा कि कांग्रेस ने गंगाजल की कसम खाकर जो वादा किए वो पूरे नहीं हुए।।प्रदेश सरकार की मंशा शराब पर रोक लगाने वाली नहीं लगती। भाजपा महिला मोर्चा की हर महिला हुंकार रैली में शामिल होगी। हमारे आंदोलन में प्रदेशभर से 1 लाख से अधिक महिलाएं हिस्सा लेगी।
राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने कहा, कांग्रेस के जनघोषणा पत्र में शराबबंदी का वादा था पर इतना अंतराल हो जाने के बाद भी अब तक शराबबंदी नहीं हुई।। छग को एटीएम के तौर पर कांग्रेस पार्टी उपयोग कर रही है। प्रदेश में लगातार अपराधिक घटनाएं बढ़ रही, क्योंकि यहां नशा बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार की मंशा इस पर रोक लगाने वाली नहीं लगती।

28 को निकाली जाएगी स्कूटी रैली

सरोज पांडेय ने कहा, आगामी 29 और 30 सितंबर को प्रदेश की जिला स्तरीय बैठक होगी। 1 और 2 अक्टूबर को विधानसभा स्तरीय बैठक होगी। 14 से 15 अक्टूबर तक तहसील स्तर, 18 से 19 तक जिला स्तरीय बैठक होगी। 28 अक्टूबर को भाजपा महिला मोर्चा स्कूटी रैली निकालेगी।