हाथी के बच्चे को मारकर बंजर भूमि में दफनाकर धान का थरहा लगाने वाले बेनकाब ,13 गिरफ्तार ,मुख्य आरोपी फरार

कोरबा । जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत पसान रेंज के ग्राम बनिया में हाथी के 1 साल के बच्चे को मार कर दफन करने के मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी कमल भान सिंह जो कि जनपद सदस्य है, वह अभी फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश वन अमला कर रहा है। बताया गया कि 20-21 अक्टूबर की रात इस हाथी को महुआ और धान में कीटनाशक जहर मिलाकर खिलाया गया था जिसके बाद उसकी मौत हो गई तो उसे वहीं दफन कर दिया गया। आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।इनके विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

इस पूरे घटनाक्रम में यह भी आश्चर्यजनक और चिंताजनक है कि पिछले 1 हफ्ते से हाथी के घायल होने और मौत होने की चर्चा काफी जोरों से थी लेकिन ना तो मैदानी अमला इसे पुष्ट कर पाया और ना ही वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया। मैदानी कर्मियों ने अपने अधिकारियों को भी इस बात से संतुष्ट रखा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है लेकिन जब रहस्य उजागर हुआ तो सबके होश उड़ गए।
पसान क्षेत्र में मौजूद हाथियों पर लगातार निगरानी रखने का दावा करने वाले वन अमले को इस बात की भनक तक न लग सकी कि हाथी का एक बच्चा गायब है। हाथी अपने बच्चे को संरक्षण देते हुए साथ रखते हैं और अपने से अलग नहीं करते लेकिन एक बच्चे के गायब हो जाने की जानकारी नहीं हो पाना छोटी-मोटी गलती नहीं एक बहुत बड़ी चूक और कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है।

पड़त भूमि पर फसल से खुला राज

इधर जिस जमीन में हाथी के शव को दफनाया गया था, वह जमीन उपजाऊ नहीं बल्कि परती भूमि थी और वहां कोई फसल लगाई नहीं जाती लेकिन जब कुछ ग्रामीणों ने इस परती भूमि पर धान की फसल देखी तो उन्हें अचरज हुआ। जिज्ञासावश उक्त भूमि की पड़ताल करने लगे तो कुछ अलग महसूस हुआ और मिट्टी को हटाने पर हाथी के अंग नजर आए। इसके तत्काल बाद वन अमले को सूचना दी गई।