नियमितीकरण सहित 4 सूत्रीय मांगो को लेकर बिहान समूह की महिलाओं ने जशपुर में घेरा विधायक निवास

जशपुर । ग्रामीण आजीविका मिशन के बिहान योजना से जुड़कर काम कर रही महिलाएं नियुक्ति पत्र, नियमितीकरण सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर बीते 13 मार्च से हड़ताल कर रही हैं। सोमवार को महिलाओं ने शहर में रैली निकालते हुए विधायक निवास का घेराव किया। इस आंदोलन के लिए महिलाएं जिले भर से सैकड़ों की संख्या में पहुंची थीं।

महिलाएं धरना स्थल रणजीता तिराहा के पास सुबह 10 बजे से जुटनी शुरू हुईं। दोपहर 12:30 बजे जब सभी ब्लॉकों से महिलाएं पहुंच गईं तो महिलाओं ने रैली निकाली। महिलाओं की यह रैली रणजीता तिराहा से निकलकर गौरवपथ पर कलेक्टोरेट, फॉरेस्ट ऑफिस गली से होते हुए जिला पंचायत, संगम चौक, जनपद कार्यालय, बिजली ऑफिस रोड होते हुए पुरानीटोली, बस स्टैंड, मेन रोड, महाराजा चौक, सन्ना रोड होते हुए भगत पेट्रोल पंप के सामने विधायक विनय भगत के निवास तक पहुंची।रैली में शामिल महिलाओं ने अपने साथ अपनी मांग व नारों की तख्ती पकड़ी थीं और नारेबाजी करते हुए चल रहीं थीं। विधायक निवास के सामने पहुंचकर महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की। महिलाओं की भीड़ को देखकर विधायक विनय भगत बाहर निकले और महिलाओं की मांग को प्रमुखता से शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। महिलाओं ने कहा कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती है तो 15 दिन बाद वह फिर से उनके घर के सामने आकर प्रदर्शन करेंगी। जिस पर विधायक ने कहा कि वह माध्यम हैं, वह उनकी मांगों को प्रमुखता से पहुंचाएंगे, निर्णय लेना शासन के उपर है। वर्तमान में राज्य की सरकार हर वर्ग की मांगों को मान रही है। उम्मीद है कि उनकी मांग भी बहुत जल्द पूरी होगी। विधायक को मुख्यमंत्री का ज्ञापन देने के बाद रैली की शक्ल में ही महिलाएं वापस धरना स्थल पहुंची।