सुबह 11 से शाम 04 के बीच किसानों से सीधे कर सकेंगे खरीददारी
रायगढ़, 11 जनवरी2021/ लैलूंगा के प्रसिद्ध खुशबूदार चावल का स्वाद लेने का एक बढिय़ा मौका रायगढ़ वासियों को मिलने जा रहा है। कलेक्टर श्री भीम सिंह के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा 12 जनवरी 2021 को कलेक्टोरेट कार्यालय परिसर में आर्गेनिक जवाफूल चावल की प्रदर्शनी और विक्रय काउंटर लगाया जाएगा। जहां कलेक्टर कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी के साथ ही रायगढ़ वासी सीधे किसानों से यह खुशबूदार चावल खरीद सकेंगे। यह प्रदर्शनी जवाफूल चावल उत्पादन के लिए गठित एफपीओ के द्वारा सुबह 11 बजे से शाम 04 लगायी जाएगी। प्रदर्शनी में पुसौर क्षेत्र के किसान भी शामिल होंगे। वे आर्गेनिक हल्दी, अदरक और सरसों के तेल का स्टाल लगाएंगे।
लैलूंगा क्षेत्र में उगाए जाने वाले जवाफूल चावल की महक और स्वाद प्रदेश के साथ पूरे देश में मशहूर है। दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन में कई बार इनकी प्रदर्शनी लगायी जा चुकी हैं। जिसमें जवाफूल चावल की काफी डिमांड रही है। आर्गेनिक और एरोमेटिक यह चावल स्वाद के साथ सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद है। जैविक विधि से उत्पादन के कारण यह केमिकल फ्री है। इसमें पोषक तत्व भी प्रचुर मात्रा में होते है।