पंचतत्व में विलीन हुईं श्रीमती कौशिल्या देवी महतो ,अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब …

कोरबा। आज श्रीमती कौशल्या महतो पंचतत्व में विलीन हो गई। पूर्व सांसद स्व. डॉ. बंशीलाल महतो की धर्मपत्नी और भाजपा प्रदेश मंत्री विकास महतो की माता, 73 वर्षीय श्रीमती महतो का निधन 09 सितंबर 2024 को हैदराबाद में इलाज के दौरान हो गया था। उनका अंतिम संस्कार आज, 10 सितंबर 2024, को मोती सागर पारा मुक्तिधाम में अत्यंत भावुक माहौल में संपन्न हुआ।

अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में परिवार के शुभ चिंतक व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। मुक्तिधाम में उमड़ी भीड़ महतो परिवार के प्रति सम्मान का प्रमाण थी। गूंजते मंत्रोच्चार के बीच, उनके ज्येष्ठ पुत्र विकास महतो ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनकी अंतिम यात्रा में शहर के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्ति, भाजपा कार्यकर्ता, समाज के विभिन्न वर्गों के लोग और असंख्य जनसाधारण उपस्थित थे, जिन्होंने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
श्रीमती कौशल्या महतो ने अपने पति के साथ गरीबों के लिए चिकित्सा और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की, और उनके निधन के बाद भी समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को निभाया। उनके निधन से परिवार में एक गहरी शून्यता आ गई है, जिसे भरना आसान नहीं होगा।