कोरबा। कला के संरक्षण एवं प्रचार प्रसार हेतु विगत दिनों आदि देव कला संस्थान जबलपुर द्वारा अखिल भारतीय राष्ट्रीय स्तर संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता रेवा महोत्सव का आयोजन किया गया था। जबलपुर के रॉयल सीनियर सेकेंडरी स्कूल संजीवनी नगर में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में देश भर के अनेक हिस्सों से लगभग 5000 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यहां इशिता कश्यप की उपलब्धियो को देखते हुए विशेष प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया।

इशिता को शाल ओढा कर पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया एवं राष्ट्रीय विभूति सम्मान से नवाजा गया। इशिता को यह सम्मान उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं कला संस्कृति के प्रति समर्पण भाव तथा कला की विरासत को बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया गया। इशिता ने अपने नृत्य की शुरुआत आराध्य देव शिव जी की स्तुति से प्रारंभ कर रायगढ़ घराने के बोलबंदीशो के साथ 150 चक्कर की विशेष प्रस्तुति देते हुए अंत में तत्कार एवं कृष्ण जी की ठुमरी ‘ मोहे छेड़ो नहीं श्याम ,के साथ अपने नृत्य को विराम दिया जिसे देख वहां मौजूद दर्शक गणों की तालियो से सारा प्रांगण गूंज उठा। सभी ने इशिता के नृत्य की जमकर सराहना की। इसके पहले भी इशिता अनेक राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय मंचों के अलावा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित मंचों पर भी अपनी प्रस्तुति दे चुकी है। और अनेक पुरस्कारों से सम्मानित हो चुकी है।
दुबई एवं मलेशिया में गोल्ड मेडल जीत चुकी इशिता को थाईलैंड के लिए भी आमंत्रित किया जा चुका है और अभी आने वाले 26 से 30 अक्टूबर तक इशिता को हांगकांग एवं मकाउ में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया गया है। जिसका आयोजन अखिल भारतीय संस्कृतिक संघ पुणे के द्वारा किया गया है। इशिता की इस उपलब्धि से उनके माता-पिता एवं सभी रिश्तेदारों में हर्ष का माहौल है सभी ने इशिता को ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है।