रायपुर। कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कानून-व्यवस्था के साथ ही धर्मांतरण पर रोक लगाने पर जोर दिया। सीएम पुलिस कप्तानों से सीधा सवाल पूछा कि, गुंडे-बदमाशों में पुलिस का खौफ क्यों नहीं..?
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता कलेक्टर-एसपी से बड़ी उम्मीद रखती है। जिलों में कोई समस्या आती तो सबसे पहले कलेक्टर-एसपी ही याद आते हैं। मगर जब उनकी उम्मीदें टूटती हैं तो फिर तकलीफ होती है। इसलिए, कलेक्टर-एसपी आम आदमी की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्यक करें।
👉इन जिलों के एसपी पर नाराज


मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव, धमतरी, बलरामपुर, कोरबा और सरगुजा के पुलिस अधीक्षकों से अपने जिलों में कानून-व्यवस्था पर ध्यान देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि इन जिलों में अपराधों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री ने खासतौर से राजनांदगांव का जिक्र करते हुए कहा, राजनांदगांव शांत जिला था। मगर वहां अब तेजी से अपराध सिर उठा रहे हैं। एसपी इस पर फौरन अंकुश लगाएं।

उन्होंने बढ़ते अपराधों के लिए कई जिलों का जिक्र ही नहीं किया बल्कि एसपी पर सवाल भी दागे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों से दो साफ तौर पर कहा कि नशाखोरी से क्राइम बढ़ता है। किसी भी तरह इस पर लगाम लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि नशे से अन्य अपराधों को मिलता है बढ़ावा। सीएम ने सभी पुलिस अधीक्षकों से कहा कि नशे और मादक पदार्थों की कारोबार के खिलाफ अभियान चलाकर करें कार्रवाई। नशाखोरी के खिलाफ चलाएं व्यापक मुहिम। युवाओं को जागरूक भी किया जाए।
👉धर्मांतरण रोकने पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पुलिस अधीक्षक बढ़ते धर्मांतरण पर लगाम लगाएं। इसे पूरी प्राथमिकता देते हुए किया जाए। धर्मांतरण से जुड़े प्रसंगों में जब सरगुजा का नाम आया तो वहां के एसपी ने कहा कि उनके यहां धर्मांतरण नहीं हो रहे, चंगाई सभा होते हैं इस पर मुख्यमंत्री बोले, चंगाई सभा धर्मांतरण का पहला चरण है। इसलिए चंगाई सभा पर सख्ती बरते।
👉चाकूबाजी पर लगाम
नशेखोरी पर कंट्रोल और मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने का निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षकों से चाकूबाजी रोकने पर फोकस करने कहा। उन्होंने कहा कि चाकू कहां से मंगाए जा रहे हैं, एसपी इसका पता लगाएं। जरूरत पड़े तो ऑनलाइन सामान आपूर्ति करने वाली कंपनियों से बात भी की जाए।
👉 जमीन विवाद में कार्रवाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आमतौर पर अधिकांश झगड़े और हत्याएं जमीन विवाद में होते हैं और पुलिस इसी मामले में कार्रवाई नहीं करती। बल्कि रिपोर्ट लिखने में भी हीलाहवाला किया जाता है। ये ठीक नहीं। जमीन विवाद के मामलों में पुलिस अगर त्वरित कार्रवाई करें तो अपराधों में काफी कमी हो सकती है।
👉हेलमेट और सीट बेल्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने प्रेरित किया जाए। हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने से सड़क हादसों में लोगों की अकारण जानें जा रही हैं। पुलिस इस पर सख्ती कर हेलमेट और सीट बेल्ट लगवाएं। मुख्यमंत्री से पहले गृह मंत्री विजय शर्मा ने कलेक्टर-एसपी को संबोधित किया। उन्होंने कलेक्टरों से आग्रह किया कि जिला बदर के मामले लंबे समय तक न लटकाएं जाएं। कई जिलों में महीनों तक केस पेंडिंग रहते हैं।