ओडिशा । ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में 23 साल की युवती की रेप के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि युवती के साथ उसके बॉयफ्रेंड और मदद की पेशकश करने वाले एक अजनबी ने एक दिन में अलग-अलग जगहों पर दो बार रेप किया।
इसके बादउसे चार मंजिला इमारत से फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 22 फरवरी को हुई जब महिला अपने बॉयफ्रेंड के साथ भागने के प्लान के साथ घर से निकली थी। प्रेमी ने उससे शादी का वादा करके एक मंदिर में आने को कहा था। हालांकि, वह उसे एक सुनसान जगह पर ले गया, उसके साथ रेप किया और उसे रहमा बस स्टैंड पर छोड़ दिया।
👉अजनबी ने लिफ्ट देकर किया रेप

जब पीड़िता बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी, तो झारखंड का रहने वाला एक और शख्स वहां पहुंचा। वो अपनी मोटरसाइकिल पर पास के पारादीप जा रहा था। उसने महिला को देखा और मदद की पेशकश की। एसपी ने कहा कि हालांकि, वह उसे पारादीप शहर में एक जगह पर अपने किराए के घर की छत पर ले गया और उसके साथ फिर से रेप किया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने महिला को बिल्डिंग की छत से फेंक दिया जिससे उसकी मौत हो गई। अगली सुबह उसका शव वहां पर मिला।
👉भाई की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
मृतका के भाई ने 25 फरवरी को पारादीप मॉडल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसकी बहन के साथ 22 फरवरी को रेप किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। महिला की बॉडी मिलने के बाद 23 फरवरी को अननैचुरल डेथ का केस दर्ज किया गया। 22 फरवरी की शाम को युवती के भाई ने अपनी बहन के घर न लौटने पर तिरतोल पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया था।
