KORBA : चौथी लाइन पर 7 जून से होगा काम ,70 से अधिक रद्द ट्रेनों से बढ़ेगी यात्रियों की परेशानी , ट्रेनें शुरू कराए जाने की मांग ….

कोरबा। बिलासपुर रेल मंडल के चांपा स्टेशन में 7 जून से चौथी लाइन पर काम कराया जाना है। इसके कारण कोरबा समेत विभिन्न रूट की 70 से अधिक ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इससे कोरबा समेत आगे के रूट के यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी। इनमें ज्यादातर यात्री यशवंतपुर-कोरबा-यशवंत और पुर कोचुवेली-कोरबा-कोचुवली द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस के हैं। यह गाड़ी पहले ही सप्ताह में दो दिन चल रही है। अब इसे भी दो-दो फेरे के लिए रद्द कर दिया गया है।

रेल संघर्ष समिति के संयोजक रामकिशन अग्रवाल व अंकित सावलानी के अनुसार जिस गाड़ी को रद्द किया जा रहा है, उसमें कोरबा, चांपा से कहीं अधिक लोग बिलासपुर, रायपुर से सफर करते हैं। इसलिए रद्द की गई ट्रेनों को कोरबा की जगह इन दिनों पर बिलासपुर से चलाया जाए। ब्लॉक के दौरान कोरबा से अमृतसर के बीच चलने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस व कोरबा-विशाखापट्टनम कोरबा के बीच चलने वाली लिंक एक्सप्रेस का परिचालन बिलासपुर से कोरबा के बीच रद्द रखने का निर्णय लिया गया है। इससे कोरबा के जिन यात्रियों को यात्रा करनी है, वे बिलासपुर से अपनी यात्रा शुरू व समाप्त कर सकेंगे। इसी तरह वैनगंगा व कोचुवेली को भी चलाकर यात्रियों को राहत दी जानी चाहिए। इस रूट पर लंबे समय से ट्रेनों की अनियमितता के कारण यात्रियों की परेशानी बनी हुई है, जिन्हें राहत मिलेगी।