कोरबा । जिले के जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम बिझरा में होने वाले जनपद सदस्य के उपचुनाव में आज एक हैरान करने वाला मोड़ आ गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग की हत्या के मुख्य आरोपी मुस्ताक अहमद ने बिलासपुर जेल से आकर नामांकन के आखिरी दिन अपना पर्चा दाखिल किया है।
👉क्या है पूरा मामला?

दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या: बीते 23 दिसंबर को कोरबा जिले के ग्राम केशलपुर में भाजपा के सीनियर नेता अक्षय गर्ग की अज्ञात हमलावरों ने चाकू और कुल्हाड़ी से वार कर दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी थी।
हत्या की वजह: पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस खूनी खेल के पीछे गहरी राजनीतिक रंजिश थी। आरोपियों ने बेहद क्रूरता के साथ इस वारदात को अंजाम दिया था।
उपचुनाव की नौबत: अक्षय गर्ग की असमय मृत्यु के बाद बिझरा जनपद पंचायत क्षेत्र में सदस्य का पद खाली हो गया था, जिसके लिए वर्तमान में उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
👉जेल से आकर दाखिल किया नामांकन
अक्षय गर्ग की हत्या के मामले में बिलासपुर जेल में बंद आरोपी मुस्ताक अहमद को आज पोड़ी उपरोड़ा कार्यालय नामांकन के अंतिम दिन कड़ी सुरक्षा के बीच लाया गया, जहाँ उसने इस खाली सीट के लिए अपना दावा ठोकते हुए नामांकन पत्र दाखिल किया। आरोपी के इस कदम के बाद क्षेत्र का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है।
