कोरबा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में सोमवार को सुबह से लेकर देर शाम तक अलग-अलग दुर्घटनाओं में 5 लोगों की जान चली गई। दोपहर के वक्त जहां ईंट की एक फैक्ट्री में कार्य के दौरान दब जाने से एक मौत हुई तो वहीं पिकनिक स्थल सतरेंगा से वापस लौटते वक्त ऑटो के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से दो लोगों की जान चली गई व कुछ घायल हो गए। ये हादसे अभी खबरों की सुर्खियां बनी थी कि देर शाम जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने दो लोगों की जान ले ली। घटना से आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया जो रात 12:30 बजे समाचार लिखने तक जारी रहा।

देर शाम हुए हादसे के बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बाइक में सवार होकर अपने गांव की ओर जा रहे दो ग्रामीण काल के गाल में समा गए। पुलिस के मुताबिक अज्ञात वाहन ने बाइक को चपेट में लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत परिवहन का कारोबार खुलेआम चल रहा है, जहां देर शाम और रात के समय तेज रफ्तार ट्रैक्टरों का चालन किया जाता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। हालांकि दुर्घटनाकरित वाहन के बारे में पुलिस ने अभी कुछ स्पष्ट नहीं किया है और वाहन अज्ञात बताया जा रहा है लेकिन स्थानीय लोग इसे अवैध रेत परिवहन में लगा ट्रैक्टर बता रहे हैं।
हादसा के बाद आक्रोश व जाम की सूचना मिलने पर बांकी मोंगरा सहित कुसमुण्डा, दीपका थाना,सर्वमङ्गला चौकी प्रभारी सहित पुलिस बल पुलिस घटनास्थल पहुंचा है। मृतकों की पहचान अरदा और चाकाबुड़ा निवासी प्रकाश एवं बबलू के रूप में की जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
👉 अनियंत्रित होकर आटो पलटी

दूसरी घटना में पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों से भरी एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई।जानकारी के मुताबिक करीब 10 युवक झोराघाट से पिकनिक मनाकर वापस लौट रहे थे। बालको थाना क्षेत्र के ग्राम अजगरबहार के पास तेज रफ्तार ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ऑटो में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों की पहचान सोनू यादव और सत्यम यादव, निवासी खरमोर के रूप में हुई है। राहगीरों और आटो सवार साथियों ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्च्युरी भिजवाया।
👉 ईंट की फैक्ट्री में मौत के बाद प्रदर्शन

सोमवार को ही सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी स्थित प्रेम एंटरप्राइजेज नामक फ्लाई ऐश ईंट की फैक्ट्री में मशीन की सफाई के दौरान महिला मजदूर की मशीन में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी धसनिन बाई ने बताया कि घटना दोपहर तीन से चार बजे के बीच हुई। फैक्ट्री में चार से पांच मजदूर काम कर रहे थे। मृतका भी लंबे समय बाद सोमवार को काम पर लौटी थी। मशीन को चालू हालत में साफ करते समय अचानक लीवर नीचे गिर गया और महिला उसकी चपेट में आ गई।
हादसे की खबर मिलते ही मृतका का पति नाबालिग बेटा अयांश व ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से मना कर दिया। मृतका के परिवार को उचित मुआवजा और नाबालिग बेटे के भविष्य की गारंटी फैक्ट्री संचालक से चाही गई। हंगामा की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया को हस्तक्षेप करना पड़ा।करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद फैक्ट्री संचालक प्रदीप अग्रवाल, ग्रामीणों और पुलिस के बीच वार्ता हुई। इसमें तय हुआ कि तात्कालिक सहायता 75 हजार रुपये नगद दिया जाएगा। दो लाख रुपये मृतका के पुत्र अयांश के नाम पर एफडी कराया जाएगा। 18 साल की उम्र तक बेटे को प्रतिमाह 1500 रुपये भरण-पोषण के लिए और बालिग होने पर फैक्ट्री में नौकरी देने पर सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों ने शव उठाने दिया।
