CG : सौतन न रास आई ,पहली पत्नी ने पति का पूरा प्यार पाने सौतन का आरी से काट डाला गला,आरोपी महिला गिरफ्तार ….

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेवारीकला गांव में सोमवार 29 जून की रात एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। मृतका की पहचान 47 वर्षीय दयाबाई सोनकर के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति चिम्मनलाल साहू की पहली पत्नी अमृत बाई साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

👉लंबे समय से आक्रोशित थी महिला

मिली जानकारी के अनुसार, चिम्मनलाल साहू मजदूरी का काम करता है। उसकी पहली शादी अमृत बाई साहू से हुई थी, जिससे उसके दो बेटे हैं। करीब 5 साल पहले उसका दयाबाई सोनकर से प्रेम संबंध हुआ और उसने उससे भी विवाह कर लिया। दयाबाई के भी 2 बेटे हैं। पति की दूसरी शादी के बाद से अमृत बाई इस रिश्ते से नाराज रहती थी। उसे लगता था कि, चिम्मनलाल दयाबाई को उससे अधिक महत्व और प्यार देता है। इसी बात को लेकर वह लंबे समय से आक्रोशित थी।

👉वारदात को अंजाम देने के बाद घर से भागी आरोपी

बताया जा रहा है कि, सोमवार रात करीब 11 बजे जब घर के सभी लोग सो चुके थे, तब अमृत बाई ने मौका पाकर दयाबाई पर हमला कर दिया। उसने पहले गर्दन पर वार किया और फिर गन्ना काटने वाली आरी से उसका गला काट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से भाग गई। कपड़े बदले और कुछ देर बाद वापस लौट आई, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

👉खून से लथपथ शव पड़ा मिला

मंगलवार की सुबह करीब 4 बजे जब परिजन उठे तो दयाबाई का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी अमृत बाई के बयान और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। फिलहाल, मामले की विस्तृत जांच जारी है।