CG : फेरे से पहले परिवार समेत दुल्हन फरार,शादी की खुशियां तनाव ,गम में बदली, जेवरात,थाना पहुंचा मामला , मोबाइल लेकर फरार होने का आरोप …

जशपुर । छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब सात फेरों से ठीक पहले दुल्हन अपने परिजनों के साथ लापता हो गई। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि दुल्हन अपने साथ शादी के लिए रखे गए सभी जेवरात और मोबाइल फोन भी लेकर चली गई। इस पूरे घटना के बाद अब मामला थाने पहुंच गया है, जहां पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक मामला बगीचा थाना क्षेत्र के पसिया गांव का है। बताया जा रहा है कि 30 जून को हल्दी सहित अन्य रस्में पूरी हो चुकी थीं, जबकि 1 जुलाई को बारात दूल्हे के घर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण विवाह समारोह का आयोजन दूल्हे के घर पर ही किया जा रहा था। दुल्हा और उसका पूरा परिवार इस शादी को लेकर काफी उत्साहित थेे, लिहाजा शादी की सभी तैयारियां पूरी थीं और दुल्हे राजा 1 जुलाई को बारात लेकर घर पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि बारात आने के बाद शादी के मंडप में पंडितजी शादी की तैयारी में जुट गये। हवन कुंड में अग्नि प्रजव्लित की जाने लगी, ताकि वर-वधु का विधिवत मंत्रोचार के साथ विवाह कराया जा सके। लेेकिन अभी विवाह शुरू होता, उससे पहले ही दुल्हे और उसके परिवार को झटका लग गया। परिवार के लोग जब घर के अंदर दुल्हन को लेने पहुंचे, तो वह मौके पर नहीं मिली और ना ही उसके परिजन वहां पर थे। येे खबर जैसे ही दुल्हे को पता चली उसके होश उड़ गये।

काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर दोनों पक्षों के लोगों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद दूल्हा पक्ष ने बगीचा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि दुल्हन और उसके परिजन शादी के लिए रखे गए सोने.चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए हैं। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बारातियों के साथ रिश्तेदार भी हैरान रह गए।

मामले में एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि फिलहाल दूल्हा पक्ष की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दुल्हन किन परिस्थितियों में वहां से गई और जेवरात व मोबाइल लेकर जाने के आरोप सही हैं या नहीं, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।