KORBA : नगर निगम कोरबा को 15 वें वित्त आयोग मद से 36 करोड़ की सौगात ,नगर विकास को मिलेगी नई दिशा,महापौर ने जताया आभार ,कहा – हमने बनाया है हम ही संवारेंगे ….

कोरबा । निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने 15वें वित्त आयोग मद से 36 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिलने पर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से कोरबा शहर के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और नगर विकास को नई दिशा मिलेगी।

महापौर संजू देवी राजपूत ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव तथा कोरबा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन का तहेदिल से धन्यवाद जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और जनता की मांग के अनुरूप महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के लिए 36 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इससे शहर में विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

महापौर ने कहा कि यह स्वीकृति कोरबा के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद कोरबा नगर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। अपने संदेश के अंत में महापौर ने राजनीतिक संदेश देते हुए कहा, “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे।” इसे नगर विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और भाजपा सरकार की विकास नीति से जोड़कर देखा जा रहा है।