CG : सक्ति गोलीकांड का हुआ खुलासा , विवाहित प्रेमी से शादी का दबाव बना हत्याकांड की वजह , अन्तरराज्यीय शूटरों को 4 लाख में सुपारी देकर पूर्णिमा चौहान पर चलवाई गई गोली ,हत्याकांड के साजिशकर्ता विवाहित प्रेमी,पत्नी,समेत 9 गिरफ्तार ,जानें पूरा मामला …

सक्ति । सक्ती जिले में दिनदहाड़े हुए गोलीकांड की घटना की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने 5 दिन की कड़ी मेहनत के बाद सुलझा ही ली । शादीशुदा व्यक्ति से प्रेम संबंध एवं शादी के दबाव के चलते विवाहित प्रेमी ने प्रेम संबंध से छुटकारा पाने पूर्णिमा चौहान की
3 राज्यों झारखंड ,महाराष्ट्र व छत्तीसगढ़ के शूटर से 4 लाख रूपए में सुपारी देकर हत्या कराई । रूह कंपा देने वाली इस घटना के साजिशकर्ता विवाहित प्रेमी ,उसकी पत्नी ,हत्यारों समेत 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है । प्रेस कांफ्रेंस कर पुलिस ने गोलीकांड की घटना का पूरा विवरण मीडिया से साझा की है।

👉26 जून को घर पहुंचे नकाबपोश शूटरों ने दिया था गोलीकांड को अंजाम

गोलीकांड 26 जून 2026 को सक्ती जिले के जोंगरा क्षेत्र में हुआ था। प्रातः करीब 11.30 बजे दो नकाबपोश युवक पूर्णिमा चौहान के घर पहुंचे। आरोपियों ने पहले घर और परिवार के सदस्यों के बारे में जानकारी ली। घर से पूर्णिमा का बड़ा भाई बाहर आया तो युवकों ने पूछा कि पूर्णिमा कहां है। उन्होंने उसे आंगन में बुलाने के लिए कहा। पूर्णिमा के बाहर आने पर उसने युवकों से वहां आने का कारण पूछा।पुलिस के मुताबिक आरोपियों में से एक ने आयुर्वेदिक दवा लेने की बात कही। बातचीत के दौरान युवक ने अपने पास रखी देसी पिस्टल निकाल ली। इसके बाद उसने पूर्णिमा पर लगातार 3 गोलियां दाग दी ।

👉माथे और शरीर में लगी थीं गोलियां

गोली लगते ही पूर्णिमा गंभीर रूप से घायल होकर गिर गई। उसके माथे और शरीर के अन्य हिस्सों में गोलियां लगी थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिवार और आसपास के लोगों ने घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया,लेकिन इलाज के दौरान पूर्णिमा की की मौत हो गई। दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।

👉प्रेम संबंध से पीछा छुड़ाने के लिए बनाई योजना

पुलिस ने घटनास्थल से मिले सबूतों और आरोपियों से जुड़े संपर्कों की जांच की। पांच दिन तक चली पड़ताल के बाद पुलिस प्रेम संबंध और सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश तक पहुंची।

जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी पूर्णिमा से अपना रिश्ता समाप्त करना चाहता था। पुलिस का दावा है कि उसकी पत्नी को भी इस संबंध की जानकारी थी। पत्नी ने विरोध करने के बजाय हत्या की योजना में पति का साथ दिया।

दोनों ने अन्य लोगों से संपर्क कर पूर्णिमा की हत्या की साजिश तैयार की। इसके लिए झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से जुड़े युवकों को शामिल किया गया। आरोपियों को 5 लाख रुपए में वारदात की सुपारी देने की बात सामने आई है

👉पति-पत्नी सहित नौ आरोपी गिरफ्तार

सक्ती पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में साजिश का मुख्य आरोपी, उसकी पत्नी और वारदात में सहयोग करने वाले अन्य आरोपी शामिल हैं।

पुलिस आरोपियों से हथियार की व्यवस्था, आर्थिक लेनदेन और हत्या में निभाई गई अलग-अलग भूमिकाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि देसी पिस्टल कहां से लाई गई और आरोपियों के बीच संपर्क कैसे स्थापित हुआ।

👉अवैध हथियारों की उपलब्धता पर सवाल

सक्ती क्षेत्र में दो महीने के भीतर गोलीबारी की यह दूसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। लगातार सामने आ रही ऐसी वारदातों से अवैध हथियारों की सप्लाई और अपराधियों के नेटवर्क पर सवाल खड़े हुए हैं।

पूर्णिमा हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच जारी है।