KORBA : प्रतिबंधित बेअसर , कुदुरमाल पुल पर यमराज बनकर दौड़ते मालवाहकों ने 9 मवेशियों को लिया चपेट में ,6 की मौत…

0 ग्रामीणों ने खबर लेकर चालक को किया पुलिस के हवाले,प्रतिबंध की अनदेखी पर उठाए सवाल,पेट्रोल पम्प को भी ठहरा रहे जिम्मेदार

कोरबा-उरगा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में 9 जुलाई गुरुवार को सुबह 6 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर के चालक ने 9 मवेशियों को रौंद दिया। इनमें से 6 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए। हादसा कुदुरमाल-भाटापारा मार्ग पर स्थित धनराज पेट्रोल पंप के पास हुआ। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। वाहन चालक उपेन्द्र यादव पिता दीपू यादव की आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर खबर ली और फिर उरगा पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के बाद पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर भी घटना स्थल पहुंचे थे वे नाराजगीं जाहिर की।भाजपा के मंडल महामंत्री संजय बैरागी के द्वारा ग्रामीणों के सहयोग से घायल मवेशियों को कनबेरी गौशाला में उपचार हेतु पहुंचाया गया। इसके अलावा जेसीबी आदि लगवाकर मृत 6 मवेशियों के अंतिम संस्कार कराया।

ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार सुबह एक ट्रेलर तेज गति से प्रतिबंधित पुल को पार कर कुदुरमाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान धनराज पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े और सड़क पार कर रहे मवेशियों के झुंड को चपेट में ले लिया। रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे मवेशियों के बीच घुस गया।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस भी मौके पर पहुंची।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रतिबन्धित पुल मार्ग पर भी ट्रेलर और डंपर अक्सर तेज गति से चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सड़क किनारे और बीच में अक्सर मवेशियों का जमावड़ा रहता है, जिसके कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। चर्चा इस बात की भी है कि उक्त पेट्रोल पम्प का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा जाएगा। ग्रामीणों के हवाले से कारण यह बताया जा रहा है कि इस पम्प के कारण ही भारी वाहनों का आवागमन पुल पर प्रतिबंध के बाद भी हो रहा है। ग्रामीणों ने पुल से भारी वाहनों के बेधड़क आवागमन पर भी आश्चर्य जताया कि आखिर पुलिस और प्रशासन यहां अनदेखी क्यों कर रहा है!