बस ड्राईवर निकला धनकुबेर ! छापेमारी में 28.5 करोड़ कैश,15 किलो सोने की ईंट बरामद ,नोट गिनते गिनते खराब हो गईं 5 मशीनें ….

कोलकाता । पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस की एक छापेमारी में करोड़ों रुपये की बेहिसाब नकदी और सोना बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, एक पूर्व बस ड्राइवर के घर से 28.5 करोड़ रुपये से ज्यादा नकदी और 15 किलो सोना मिला है। बरामद सोने की कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल बरामदगी लगभग 50 करोड़ रुपये की है। नकदी इतनी अधिक थी कि उसे गिनने के दौरान पांच करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं। मामले में पुलिस ने मिनार मंडल को गिरफ्तार किया है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह पहले राज्य परिवहन विभाग में बस चालक था। बाद में उसने पत्थर के कारोबार से जुड़े कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के साथ काम करना शुरू किया और उसका मैनेजर बन गया। पुलिस के मुताबिक, तुलु मंडल फिलहाल फरार है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार रात मिनार मंडल के घर छापेमारी की। शुरुआत में करीब 20 करोड़ रुपये नकद मिलने की जानकारी मिली थी, लेकिन पूरी रात चली गिनती के बाद बरामद रकम बढ़कर 28.5 करोड़ रुपये से अधिक हो गई। नकदी को सुरक्षा के बीच लोहे के बक्सों में भरकर थाने ले जाया गया और बाद में बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक-एक किलो के 14 गोल्ड बार और 100-100 ग्राम के 10 गोल्ड बिस्किट भी बरामद किए। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने दावा किया कि बरामद नकदी और सोना तुलु मंडल का है। हालांकि, पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि बरामद नकदी का संबंध पत्थर खदानों से जुड़े कारोबार और सरकारी राजस्व में कथित गड़बड़ी से हो सकता है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि कहीं सरकारी खजाने में जमा होने वाली राशि का गबन तो नहीं किया गया। मामले में वित्तीय लेन-देन और धन के स्रोत की भी जांच की जा रही है। तुलु मंडल का नाम इससे पहले भी कई मामलों में सामने आ चुका है।

वर्ष 2022 में कथित पशु तस्करी मामले में CBI ने उसके ठिकानों पर छापेमारी की थी, जबकि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी उसे पूछताछ के लिए तलब किया था। हालांकि, इन मामलों में अब तक कोई अंतिम न्यायिक फैसला नहीं आया है। तुलु मंडल वर्ष 2024 में उस समय भी सुर्खियों में आया था, जब उसकी बेटी की कथित तौर पर करीब 100 करोड़ रुपये की आलीशान शादी चर्चा का विषय बनी थी। उसे पूर्व टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल का करीबी भी माना जाता है। फिलहाल पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद करोड़ों रुपये की नकदी और सोने का वास्तविक स्रोत क्या है, इस संपत्ति का मालिक कौन है और पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही है।