कोरबा। ट्रांसपोर्टनगर में स्थायी पार्किंग और स्टैंड की व्यवस्था नहीं होने का खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। मालवाहकों और टैक्सी वाहनों के लिए निर्धारित स्थान नहीं होने से शहर की सडक़ें और प्रमुख चौराहे अघोषित स्टैंड में तब्दील होते जा रहे हैं। दिनभर सडक़ किनारे कतार में खड़े भारी वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और राहगीरों व वाहन चालकों को दुर्घटना के खतरे के बीच आवागमन करना पड़ रहा है।

ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में बड़े और छोटे मालवाहक वाहनों के मालिकों और चालकों ने अलग-अलग यूनियन बना रखी हैं। स्थायी स्टैंड नहीं होने के कारण सुविधा के अनुसार बस स्टैंड के आसपास, मुख्य मार्गों के किनारे और टीपी नगर के अंदरूनी रास्तों में वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है। सुबह से देर शाम तक सडक़ किनारे खड़े वाहनों के कारण कई जगह सडक़ की चौड़ाई कम हो जाती है। इससे पहले से व्यस्त मार्गों पर जाम की स्थिति भी बनती रहती है। समस्या केवल मालवाहकों तक सीमित नहीं है। टैक्सी परमिट पर चलने वाले चारपहिया यात्री वाहनों के लिए भी शहर में व्यवस्थित स्टैंड नहीं है। इसका असर ट्रांसपोर्टनगर चौक के आसपास बने व्यावसायिक क्षेत्रों की पार्किंग पर पड़ रहा है। जहां ग्राहकों के वाहन खड़े होने चाहिए, वहां टैक्सी चालकों ने लंबे समय से अघोषित स्टैंड बना लिया है। इससे खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए जगह नहीं मिलती। कई बार लोग सडक़ किनारे या दूर वाहन खड़ा करने को मजबूर होते हैं, जिससे यातायात का दबाव और बढ़ जाता है।
👉व्यापारिक गतिविधियां तेज, लेकिन पार्किंग व्यवस्था कमजोर
ट्रांसपोर्टनगर में रोजाना बड़ी मात्रा में माल का आवागमन और व्यापारिक गतिविधियां होती हैं। इसके बावजूद मालवाहकों की पार्किंग के लिए कोई ठोस और व्यवस्थित व्यवस्था नहीं होना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। क्षेत्र में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन पार्किंग की जरूरत को देखते हुए पर्याप्त स्थान चिन्हित नहीं किए गए हैं। क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन को मालवाहकों के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर स्थायी स्टैंड विकसित करना चाहिए। इससे सडक़ किनारे खड़े वाहनों से राहत मिलेगी और व्यापारिक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी सुचारू होगी। व्यवस्थित पार्किंग बनने से मालवाहक चालकों को भी सुविधा मिलेगी और आम लोगों के लिए सडक़ें सुरक्षित होंगी। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन को केवल यातायात सुधार के लिए कार्रवाई करने के बजाय स्थायी समाधान की दिशा में योजना बनानी चाहिए।
👉आखिर कब बनेगा स्थायी स्टैंड?
स्थायी स्टैंड के अभाव में सडक़ पर खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई बार-बार की जा सकती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान तब तक संभव नहीं है, जब तक वाहनों के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध नहीं कराया जाता।जनहित का सवाल यही है कि जब ट्रांसपोर्टनगर शहर का प्रमुख व्यापारिक और परिवहन केंद्र है, तो यहां मालवाहकों और टैक्सियों के लिए व्यवस्थित स्टैंड और पर्याप्त पार्किंग की सुविधा आखिर कब विकसित होगी?
